देश

आग में जिंदा जले 20 से ज़्यादा यात्री,बस अचानक से बनी आग का गोला 

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुआ हादसा

विजयवाड़ा,एजेंसी। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार तड़के एक बस में आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा कल्लूर मंडल में चिन्नाटेकुर के पास हैदराबाद-बेंगलुरू हाईवे पर हुआ। यह बस बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही थी। एक निजी बस में दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद आग लग गई,कावेरी ट्रैवल्स की एक बस अचानक से आग का गोला बन गई।

प्रारंभिक सूचना के अनुसार, हैदराबाद जा रही बस में हादसे के दौरान करीब 41 लोग सवार थे। इसमें कहा गया है कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल बस के नीचे आ गयी और इसके ईंधन टैंक का ढक्कन खुल गया जिससे आग लग गई।

04 25

घायलों को कुरनूल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया

हादसे के बाद गहरी नींद में सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जबकि कई लोगों के आग में फंसने की भी खबर सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को कुरनूल जनरल अस्पताल ले जाया गया। पूरी बस पूरी तरह जल गई। बताया जा रहा है कि ज्यादातर यात्री हैदराबाद शहर के थे। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर फरार हो गया।

कुरनूल संभाग के पुलिस उप महानिरीक्षक कोया प्रवीण ने बताया, 19 यात्री, दो बच्चे और दो चालक इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। कुरनूल के जिला कलेक्टर डॉ ए सिरी ने बताया, यह दुर्घटना सुबह 3 से 3:10 बजे के बीच हुई जब बस एक बाइक से टकरा गई, जिससे ईंधन रिसाव हुआ और आग लग गई। 41 यात्रियों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी 20 में से 11 के शवों की अब तक पहचान हो पाई है। बाकी की पहचान के प्रयास जारी हैं।

02 39

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त की हार्दिक संवेदना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में एक बस में आग लगने के कारण लोगों की हुयी मौत पर शोक प्रकट किया और इस दुर्घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एक दुखद बस अग्निकांड में हुई मौतों की खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं, और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिये प्रार्थना करती हूं।

पीएम मोदी ने हताहतों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं, आर्थिक मदद का एलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कुरनूल सड़क हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी संदेश के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा, ‘आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना में जान-माल की हानि से अत्यंत दुःखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button