धारदार हथियारों से लूट और चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 15 वारदातें कबूली

जबलपुर यश भारत । जबलपुर पुलिस ने धारदार हथियारों से लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक मुख्य आरोपी सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह जबलपुर के साथ-साथ नर्मदापुरम जिले में भी सक्रिय था। गिरफ्तार आरोपियों ने विभिन्न थानों में कुल 15 वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा सहित तिलवारा थाना पुलिस की टीम ने इन आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
प्रमुख घटनाओं का विवरण
तिलवारा थाना क्षेत्र: 9 सितंबर की रात 11 बजे, काल भैरव मंदिर के पास एक डिलीवरी बॉय को बका दिखाकर उसकी ₹75,000 की बाइक और मोबाइल लूटा गया।
संजीवनी नगर थाना क्षेत्र: 9 सितंबर की रात 10:30 बजे, जसूजा सिटी होटल के पास दो ई-रिक्शा चालकों को धारदार हथियार से घायल कर उनके मोबाइल और नकदी लूटी गई।
गोरखपुर थाना क्षेत्र: 9 सितंबर को बंदरिया तिराहा से ₹60,000 की एक मोटरसाइकिल चोरी की गई।
नर्मदापुरम (होशंगाबाद): 10 सितंबर को देहात थाना क्षेत्र से एक और मोटरसाइकिल चोरी की गई।

गिरफ्तारी और बरामदगी
थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने इन मामलों की जांच की और मुख्य आरोपी मनोज उर्फ छोटू साहू (उम्र 19) और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी और लूट की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल वारदातों को अंजाम देने के लिए करते थे। वे लोगों पर धारदार हथियार (बका और कटर) से हमला कर लूटपाट करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹4 लाख रुपये की कीमत की तीन मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल फोन, एक धारदार बका और एक कटर जब्त किया है। इन आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है, जो चोरी और लूट की अन्य घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।
इस ऑपरेशन में थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा, उप-निरीक्षक अभिषेक कैथवास, प्र.आर 523 जयशंकर चौहान, प्र.आर.1179 दिनेश, आर.1573 राजेश गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।





