लोगों की सुरक्षा के लिए सडक़ पर उतरे टीआई, मवेशियों के गले में बांधे रेडियम बेल्ट -सडक़ पर मवेशियों से टकराने के कारण हो रहे सडक़ हादसे

लोगों की सुरक्षा के लिए सडक़ पर उतरे टीआई, मवेशियों के गले में बांधे रेडियम बेल्ट
-सडक़ पर मवेशियों से टकराने के कारण हो रहे सडक़ हादसे
भोपाल, यशभारत।
राजधानी के कटरा हिल्स इलाके में कानून व्यवस्था बनाने के साथ ही पुलिस ने नई पहल की है। लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए अब पुलिस मवेशियों पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है। कटरा हिल्स थाना प्रभारी ने सडक़ दुर्घटनाओं के चलते मवेशियों के गले में रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान को लेकर विभाग में भी चर्चा की जा रही है। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों ने भी थाना प्रभारी की इस पहल को सराहा है, दरअसल नगर निगम और परिवाहन विभाग को जो काम करना चाहिए, अब वह पुलिस विभाग कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनीश दुबे अपने अमले और आम नागरिकों के साथ सडक़ पर उतर कर मवेशियों के गले में रेडियम की बेल्ट लगा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह के अभियान और प्रयास से आए-दिन होने वाले सडक़ हादसों में काफी हद तक कमी आएगी और लोगों के साथ-साथ मवेशियों की जान भी बचेगी।
500 बेल्ट बांधे-
थाना प्रभारी दुबे ने बताया कि बारिश के चलते गाय-बैल व अन्य मवेशी सडक़ पर बैठ जाते हैं, जिसे आए-दिन सडक़ दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें न सिर्फ गौवंश, अन्य मवेशी ही नहीं, बल्कि वाहन चालक भी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। दो दिन पहले गाय के साथ हुई दो सडक़ दुर्घटनाओं से हृदय द्रवित हो गया था, काफी सोचने के बाद मुझे लगा कि गाय को सडक़ दुर्घटना से रोकने के लिए अपराध पंजीबद्ध करना उतना प्रभावी नहीं होगा, जितना की गाय की गले में रेडियम की बेेल्ट बांधना। इसके बाद पूरे थाना क्षेत्र में गौवंश समेत अन्य मवेशियों के गले में 500 रेडियम बेल्ट बांधे गए। इससे सडक़ दुर्घटना में न सिर्फ गौवंश सुरक्षित रहेगा, बल्कि जनहानि को भी रोका जा सकेगा। थाना प्रभारी दुबे ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस सेवा वास्तव में एक सेवा है और इसमें मेरा यह छोटा सा प्रयास। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि इन दिनों अपने वाहन सूनी सडक़ पर भी धीमी गति से चलाए और वाहन चलाते वक्त सीट बेल्ट और हेलमेट अवश्य लगाए।







