सरपंच पति ने बेटे के साथ मिलकर बिजली विभाग की विजिलेंस टीम से की मारपीट -बिजली चोरी का प्रकरण बनाने पर दिया घटना को अंजाम, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

सरपंच पति ने बेटे के साथ मिलकर बिजली विभाग की विजिलेंस टीम से की मारपीट
-बिजली चोरी का प्रकरण बनाने पर दिया घटना को अंजाम, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
कोलार इलाके में कल एक सरपंच पति ने अपने बेटे व एक अन्य युवक के साथ मिलकर बिजली विभाग की विजिलेंस टीम के साथ जमकर मारपीट कर डाली। विजिलेंस टीम ने सरपंच पति के खिलाफ बिजली चोरी का प्रकरण बनाया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में सहायक प्रबंधक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ शायकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसआई कमल सिंह के मुताबिक रूपेश सिंह बिजली विभाग की विजिलेंस शाखा के सहायक प्रबंधक हैं। कल दोपहर अपनी टीम और कजलीखेड़ा सब स्टेशन के कर्मचारियों के साथ बंदोरी गांव पहुंचे थे। जहां पर एक निर्माणाधीन शादी हॉल में बिजली चोरी होते हुए पकड़ी। इस मामले में ग्राम पंचायत बंदोरी की सरपंच शीला लोधी के पति भंवरलाल लोधी के खिलाफ विजिलेंस टीम ने ऑनलाइन बिजली चोरी का प्रकरण बनाया था। दोपहर करीब दो बजे बिजली विभाग की टीम गांव के बाहर धान के खेतों में बिजली चोरी की सूचना मिलने पर पहुंची थी। तभी सरपंच पति भवनलाल लोधी के मोबाइल पर बिजली चोरी के प्रकरण का मैसेज आ गया। इस बात से नाराज आरोपी भवरलाल ने अपने बेटे मनीष लोधी और अभिषेक के साथ मिलकर धान के खेत में विजिलेंसी टीम के सभी सदस्यों को पटखा और उनके साथ हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट कर डाली। घटना के बाद फरियादी रूपेश सिंह ने थाने पहुंच कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







