रायसेन के इनामी बदमाश कट्टा-कारतूस के साथ गिरफ्तार -आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज

रायसेन के इनामी बदमाश कट्टा-कारतूस के साथ गिरफ्तार
-आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
निशातपुरा थाना पुलिस ने कार में घूम रहे रायसेन से फरार इनामी बदमाशों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर रायसेन पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में सूचना दे दी है।
एसआई कमलेश चौहान ने बताया कि कल शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्विफ्ट डिजायर कार में सवार दो संदिग्ध अमन कॉलोनी में घूम रहे हैं और उनके पास कोई घातक हथियार हो सकता है। इस पर पुलिस टीम ने शाम करीब साढ़े सात बजे घेराबंदी कर स्विफ्ट डिजायर कार को रोका और उसमें सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। मौके पर ही तलाशी लेने के उनके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान अशोका गार्डन निवासी जिया उल इस्लाम उर्फ शाहिद पुत्र नसीम(31) और औबेदुल्लागंज निवासी गिरीराज पुत्र राधेश्याम(34) के रूप में की है। आरोपी जिया उल इस्लाम जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनामी बदमाश हैं दोनों आरोपी-
एसआई चौहान ने बताया कि आरोपी जिया उल इस्लाम उर्फ शाहिद और गिरीराज पुत्र के खिलाफ कोतवाली रायसेन में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है। दोनों आरोपियों की रायसेन पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी। रायसेन पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित कर रखा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में रायसेन पुलिस को सूचना दे दी गई है।







