भोपाल

मंत्रालय के कर्मचारी के 11 लाख नगदी और जेवरात लेकर भागा सुनार -पुलिस ने आवेदन जांच के बाद दर्ज किया केस

मंत्रालय के कर्मचारी के 11 लाख नगदी और जेवरात लेकर भागा सुनार
-पुलिस ने आवेदन जांच के बाद दर्ज किया केस, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
भोपाल, यशभारत।
हबीबगंज इलाके में एक सुनार ने मंत्रालय में पदस्थ एक कर्मचारी को लाखों रूपए का चूना लगा दिया। फरियादी ने अपनी बहन की शादी के लिए जेवरात बनवाने के लिए सुनार को अलग-अलग समय में 11 लाख रूपए और करीब पांच तोला वजनी सोने के जेवरात साफ-सफाई और मरम्मत के लिए दिए थे। इसके बाद आरोपी नगदी व जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गया। आरोपी अन्य लोगों को भी लाखों का चूना लगाने के बाद शहर छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने आवेदन जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हेडकांस्टेबल राघवेन्द्र भास्कर ने बताया कि कुंजन नगर बागसेवनिया निवासी दीपक मालवीय(40) शासकीय कर्मचारी हैं और इनदिनों मंत्रालय में पदस्थ हैं। उनकी अपने एक परिचित के माध्यम से संजीव समांता उर्फ संजू सुनार से जान-पहचान हुई थी। संजीव की दस नंबर स्टाप, हरेकृष्णा मार्केट फस्ट फ्लोर पर स्थित संजू सुनार नाम सोने के जेवरात बनाने व मरम्मत करने की शॉप थी। इसके बाद फरियादी ने फरवरी 2024 से संजू सुनार के पास अपनी छोटी बहन की शादी के लिए सोने के जेवरात बनवाने के लिए अलग-अलग समय में 11 लाख रूपए जमा कराए थे, इसके अलावा उसने करीब पांच तोला वजनी सोने के जेवरात साफ-सफाई और मरम्मत के लिए दिए थे। कुछ दिनों बाद जब वह संजू सुनार के पास साफ-सफाई और मरम्मत के लिए दिए सोने के जेवरात उठाने पहुंचा तो पता चला कि वह दुकान बंद कर चला गया है। फरियादी ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। तंग आकर इसी माह फरियादी ने पुलिस में लिखित शिकायत की थी, जिसकी जांच के बाद डीसीपी जोन-1 ने आरोपी संजू सुनार के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। कल पुलिस ने आवेदन जांच के बाद आरोपी संजीव समांता उर्फ संजू सुनार के लिखाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को मामले की जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी संजू सुनार एक व्यक्ति से दस लाख रूपए और अन्य लोगों से जेवरात व नगदी लेकर फरार हुआ है। पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button