मुंबई में भारी बारिश ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार
14 घंटे विलंब से जबलपुर पहुंची महानगरी एक्सप्रेस

जबलपुर यशभारत।बनारस से चलकर मुंबई जाने वाली गाड़ी संख्या 22178 महानगरी एक्सप्रेस जबलपुर स्टेशन पर निर्धारित समय से 14 घंटे विलंब से आने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उक्त ट्रेन में दूर दराज से आए यात्रियों को अपनी रात स्टेशन पर ही गुजरा पड़ी। वहीं ट्रेन के लेट होने के कारण अनेक यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। बता दें कि बनारस से चलकर छत्रपति शिवाजी टर्मिनल जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस का जबलपुर स्टेशन में पहुंचने का राइट टाइम 6:45 है लेकिन 14 घंटे लेट आने के कारण यह गाड़ी आज सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर जबलपुर स्टेशन पर पहुंची ।
उल्लेखनीय है कि मुंबई और आसपास के इलाकों भारी बारिश होने के कारण अनेक गाड़ियां काफी विलम्ब से चल रहीं हैं। इसके पूर्व जबलपुर से खुलकर मुंबई जाने वाली गरीब रथ रात 7:50 पर रवाना होने वाली दूसरे दिन सुबह 3:45 पर मुंबई के लिए रवाना हुई। इतना लंबा समय ट्रेनों के इंतजार में खराब हो रहा है। ट्रेन की देरी से कारण अपने गंतव्य पर देरी से पहुंच रहे हैं।
यह है लेट होने के कारण
गाड़ियों के विलंब से चलने का कारण मुम्बई एवं आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण रेलवे लाइन में पानी आ गया वहीं सिग्नल पर भी इसका असर होने की खबर मिल रही है।रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई और नाशिक के बीच साथ ही मुंबई शहर में कई जगहों पर लगातार मूसलधार बारिश हुई।रेलवे ट्रैक पानी से डूब गए। रेलवे ट्रैक से पानी निकलने में समय लगा जिससे ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। वहीं मुम्बई में लोकल ट्रेनों का यातायात भी प्रभावित हुआ है।
आधे फिट पानी में नहीं निकलती हैं गाडियां
यदि इस संबंध में रेलवे अधिकारियों की मानें तो जब ट्रैक पर 6 इंच से ज़्यादा पानी होता है तो रेलवे ट्रेनें बिलकुल नहीं चलाता ताकि इंजन और ब्रेकिंग सिस्टम को नुकसान न पहुँचे। वहीं मुम्बई व आसपास के इलाकों में भारी बारिश से कुछ जगहों पर ट्रैक डूबने से ओवरहेड वायर और सिग्नलिंग सिस्टम भी प्रभावित हुए। जिसके कारण रेल संचालन की गति बहुत धीमी रखी गई।






