310 क्विंटल चावल लेकर रफूचक्कर हुआ ट्रक चालक -आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज

310 क्विंटल चावल लेकर रफूचक्कर हुआ ट्रक चालक
-आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज
भोपाल, यशभारत।
ईटखेड़ी इलाके में स्थित एक गोदाम से 310 क्विंटल चावल लेकर इंदौर के लिए रवाना हुआ ट्रक चालक रास्ते में ही रफूचक्कर हो गया। आरोपी चालक ने ट्रक खराब होने का बहाना बनाकर चावल की छह सौ बोरा कट्टी रास्ते में ही गायब कर दी। जब तय समय पर चावल बताए गए पते पर नहीं पहुंचा तो व्यापारी ने पुलिस में शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के मुताबिक लाम्बाखेड़ा निवासी बृजमोहन दांगी पुत्र ज्ञान सिंह(45) व्यापारी हैं। उन्होंने गत 28 जुलाई को टीटू होटल के पास बायपास रोड स्थित गोदाम से ट्रक नंबर एमएच 40 सीएम 7527 में छह सौ बोरा कट्टा करीब 310.70 क्विंटल चावल इंदौर भेजने के लिए लोड किया था। ट्रक का भाड़ा तय होने के बाद चालक मोहम्मद तेहसीन 8 लाख 69960 हजार रूपए कीमत का चावल लेकर इंदोर के लिए रवाना हुआ था। लेकिन तय समय पर जब ट्रक चावल लेकर नहीं पहुंचा तो व्यापारी ने ट्रक चालक मोहम्मद तेहसीन से संपर्क कर कारण पूछा तो उसने बताया कि ट्रक रास्ते में खराब हो गया है, जिसे सुधरने में एक या दो दिन लग सकते हैं। वह जैसे ही ट्रक सुधरेगा चावल लेकर इंदौर के लिए रवाना हो जाएगा। लेकिन दो दिन बाद भी चावल लेकर निकला ट्रक बताए पते पर नहीं पहुंचा। इस दौरान व्यापारी बृजमोहन दांगी ने ट्रक और चालक के बारे में पता करने का काफी प्रयास किया, लेकिन ट्रक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। कई दिनों तक इंतजार करने के बाद कल उन्होंने थाने पहुंच कर श्किाायत की थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी और ट्रक की तलाश कर रही है। व्यापारी को अंदेशा है कि आरोपी ने चावल किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है।







