घर में घुस कर वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन लूटी -बिजली विभाग के कर्मचारी बन कर दिया वारदात को अंजाम

घर में घुस कर वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन लूटी
-बिजली विभाग के कर्मचारी बन कर दिया वारदात को अंजाम
भोपाल, यशभारत।
राजधानी में बैखोफ बदमाशों ने अब सडक़ों के बाद घर में घुसकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। कोलार इलाके में बीती रात बिजली विभाग के कर्मचारी बन कर पहुंचे दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के मुताबिक पार्क ऐवेन्यु कॉलोनी निवासी पुष्पा वर्मा पति गोविंद कांत वर्मा (78) गृहणी हैं। उनके पति एलएनटी कंपनी से रिटायर्ड हैं। बीती रात करीब आठ बजे वह अपने घर में थी। तभी दो अज्ञात लडक़े आए और डोर बेल बजाई तो दो पति-पत्नी बाहर आए। आरोपियों ने कहा कि उन्होंने बिजली कार्यालय में कोई शिकायत की है। इस पर महिला ने कहा कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं की है, तभी बदमाश ने उनको धक्का देते हुए गले से दो तोला वजनी सोने की चेन झपट ली और बाइक पर सवार होकर भाग गए। वारदात के वक्त बदमाशों ने चेहरे पर नकाब बांधा हुआ था। लूट की गई चेन की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई जा रही है। लूट की वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे तो लुटेरे उसमें भागते हुए दिखाई दिए। अब पुलिस हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







