महिलाओं व बच्चियों पर बढ़ रहे अपराध, रोकथाम जरूरी – रचना अग्रवाल – ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन द्वारा महिला सम्मेलन का किया आयोजन
महिलाओं व बच्चियों पर बढ़ रहे अपराध, रोकथाम जरूरी – रचना अग्रवाल
– ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन द्वारा महिला सम्मेलन का किया आयोजन
भोपाल यशभारत। ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन भोपाल इकाई द्वारा डॉ आंबेडकर सामुदायिक भवन में महिलाओं व बच्चियों पर बढ़ते अपराधों के खिलाफ और प्रदेश में पूर्ण शराब बंदी की मांग को लेकर द्वितीय जिला महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। महान व्यक्तियों के उद्धरण प्रदर्शनी का उदघाटन ट्रेड यूनियन नेता गोकुल राय द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता संगठन की राज्य सचिव रचना अग्रवाल ने महिलाओं बच्चियों पर निरंतर बढ़ रहे अपराधों के लिए शराब, नशा, ड्रग्स, पोर्न वेबसाइट्स, अश्लील वीडियो को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि नाबालिगों पर दुष्कर्म के 80प्रतिशत केसों में अपराधियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया जाता है। हजारों केस ऐसे हैं जिसकी जांच वर्षों से लेबोरेट्रीज में अधूरी पड़ी है। सरकार द्वारा दुष्कर्मी नेताओं व अपने समर्थकों को बचाया जाता है। इसलिए जरूरी है कि लोकतांत्रिक मूल्यों से लैस महिलाएं, छात्र, नौजवान, बुद्धिजीवियों के द्वारा देश व्यापी दीर्घकालीन आंदोलन निर्मित किया जाए। संगठन की मध्य प्रदेश सचिव मंडल सदस्या अर्शी खान के द्वारा सरकारी स्कूलों को बंद करने की नीति का विरोध जताया गया। शिक्षा को निशुल्क, सर्वसुलभ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से लैस बनाने की आवश्यकता बताई। भोपाल जिला सचिव मुदित भटनागर ने बताया गया कि पूंजी पति परस्त सत्तासीन पार्टियों के द्वारा कॉरपोरेट्स के हित में लागू की जा रही आर्थिक नीतियों के परिणाम स्वरूप जनता में आर्थिक तंगी तेजी से बढ़ रही है भयानक महंगाई और बेरोजगारी का आलम है। संगठन की प्रदेश अध्यक्ष जोली सरकार ने बताया कि भोपाल शहर सहित प्रदेश भर में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को बलपूर्वक थोपा जा रहा है। बस्तियों को अवैध बताकर बस्ती तोडऩे की मुहिम चलाई जा रही है। बेघर होकर लोग सडक़ों पर रहने को मजबूर हो रहे है ऐसी स्थिति में महिला सुरक्षा की फिक्र किसी को नहीं है। कार्यक्रम के अंत में नई कमेटी की घोषणा की गई। जिसमें जिला अध्यक्ष रितु श्रीवास्तव और जिला सचिव आरती शर्मा को चुना गया, सह सचिव किरण सेन व सलोनी शर्मा को बनाया गया। कोषाध्यक्ष पूजा जायसवाल व ऑफिस सचिव की जिम्मेदारी मनीषा आयाम को दी गई।






