पार्षदों के विरोध के बाद हुआ निर्णय : उपयंत्री से छीना स्वच्छता का भी प्रभार, बाड़बुद्धे होंगे नोडल अधिकारी …स्व. छत्तर सिंह पटेल होगा कॉलेज की सडक़ का नाम
नरसिंहपुर यशभारत। नगर पालिका परिषद की बैठक में पार्षदों के भारी विरोध के बीच विनियमित उपयंत्री बिंद्रा से स्वच्छता का प्रभार भी छीन लिया गया। विद्युत शाखा के उपयंत्री पुरुषोत्तम बाड़बुद्धे को अब स्वच्छता का नोडल अधिकारी बनाया गया है । कुछ दिन पूर्व ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीलम चौहान ने उप यंत्रियों के मध्य कार्य विभाजन कर भी बिंद्रा पर नकेल कसने का आदेश जारी किया था। बैठक में लंबे अंतराल के बाद बैठक बुलाना और विषय सूची में सीमित विषयों का होना भी चर्चा में बना रहा।
हुई नगर पालिका परिषद की बैठक तय विषय सूची जिसमे तीन विषय शामिल थे के निमित्त आहूत की गई किंतु बैठक प्रारंभ होते ही विषय सूची से इतर स्वच्छता प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर पक्ष विपक्ष के पार्षद हंगामा करने लगे जो अध्यक्ष नीरज महाराज के हस्तक्षेप के बाद शांत हुए। बैठक में उपस्थित नेता प्रतिपक्ष रूद्रेश तिवारी ने स्वच्छता प्रभारी के अमर्यादित आचरण व गैर जिम्मेदाराना कार्यप्रणाली को लेकर रोष जाहिर किया जिस पर सत्तापक्ष के पार्षद संतोष चौकसे सहित अन्य पार्षदों ने भी उनकी हां में हां मिलायी। चौकसे ने तो प्रभारी को ना हटाने की स्थिति में सदन में धरना देने तक की चेतावनी दे डाली। बैठक में मौजूद सभी पार्षद एक स्वर में ब्रिंदा के खिलाफ मुखर दिखे। एक बारगी तो ऐसा लगा कि परिषद की बैठक में हाथापाई न होने लगे। स्थिति बिगड़ती देख अध्यक्ष नीरज महाराज ने मोर्चा संभाला और पार्षदों की मंशानुरूप मुख्य नगर पालिका अधिकारी से नई व्यवस्था बनाने कहा तब जाके सदन सामान्य हुआ और विषय सूची पर चर्चा प्रारंभ हुई।
परिषद की बैठक में नामांतरण प्रकरणों की स्वीकृति, कॉलेज रोड का नाम स्व. छत्तर सिंह पटेल मार्ग करने के साथ ही शहरी क्षेत्र की प्रॉपर्टी के क्यूआर कोड, नंबर प्लेट स्वयं सेवी संस्था द्वारा लगाये जाने के संबंध में विचार कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए ।
इनके हाथों में स्वच्छता की कमान
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीलम चौहान ने कार्यालयीन कार्यव्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए विद्युत शाखा के उपयंत्री परषोत्तम बाडबुद्धे को नोडल अधिकारी बनाने के साथ ही प्रभारी मुख्य लिपिक रामकुमार नामदेव और स्वच्छता पर्यवेक्षक सुमित पटैल को सहायक नोडल अधिकारी बनाने के आदेश जारी किये है।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में पार्षद सुषमा तिवारी, रितु उमंग गुप्ता, पूजा सुमित कश्यप, काजल सोने लाल, अजय प्रताप सिंह, अब्दुल हकीम खान, अस्सू नेमा, आशीष राजवैद्य, आनंद चौरसिया, सौरभ ठाकुर, मुकेश कटारे सहित नपा के अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कॉलेज जाने वाली सडक़ का नाम स्व. छत्तर सिंह पटेल मार्ग किया जावे। स्मरण रहे कि स्व. पटेल जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता होने के साथ ही भारतीय जानता पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे । परिषद अपना संकल्प जिला योजना समिति एवं संचालनालय भेजेगी वहां से स्वीकृति मिलते ही मार्ग का नाम स्व. पटैल के नाम से हो जायेगा।
उपाध्यक्ष कंछेदी पटैल ने किया मंत्री प्रहलाद पटैल का आभार व्यक्त
नरसिंहपुर यशभारत। जनपद पंचायत को नया भवन मिलने जा रहा है पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने भवन निर्माण के लिए 5 करोड़ 25 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी हैं। जनपद पंचायत नरसिंहपुर उपाध्यक्ष कंछेदी पटेल ने नरसिंहपुर विधानसभा से विधायक एवं मप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का आभार व्यक्त किया है। नए भवन में आधुनिक तकनीकी सुविधाएं होगी। इससे सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन आसान होगा। पंचायत की कार्यप्रणाली पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
क्षेत्र की जनता को ग्राम विकास और जनकल्याण कार्यों में सहूलियत मिलेगी। उपाध्यक्ष श्री पटेल ने कहा कि मंत्री पटेल पर भरोसा जताते हुए कहा कि नरसिंहपुर में लगातार नई योजनाएं आ रही है और उन्हें भविष्य में और भी विकास कार्यों पर भरोसा दिलाया है अभी पुरानी जनपद भवन की हालत खराब है कमरों में पानी टपकता है उन लोगों की समस्या का सामना करना पड़ता है लेकिन नए भवन बनने के बाद कर्मचारियों को बैठने की बेहतर व्यवस्था के साथ ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले हजारों लोगों इसका फायदा मिलेगा। यह नए भवन से शासन प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद का माध्यम बनेगा। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।







