पीएसएम काॅलेज प्राचार्य आरके स्वर्णकार निलंबितः जबलपुर कमिश्नर की कार्रवाई

जबलपुर, यशभारत। प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान प्राचार्य आरके स्वर्णकार को निलंबित कर दिया गया है। जबलपुर कमिश्नर अभय वर्मा ने कुछ प्रकरणों में प्राचार्य द्वारा लापरवाही करने पर यह कार्रवाई की है।जानकारी के अनुसार कमिश्नर अभय वर्मा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि आर. के. स्वर्णकार, प्राचार्य, प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान जबलपुर द्वारा बार-बार निर्देश दिये जाने के बाद भी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाया जा रहा है तथा निरंतर अपने पद का दुरूपयोग किया जा रहा है। श्री स्वर्णकार का उपरोक्त कृत्य मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत होकर कदाचरण की श्रेणी में आता है। अतः कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाये जाने, निरंतर अपने पद का दुरूपयोग करने तथा स्वेच्छाचारिता बरतने के फलस्वरूप आर. के. स्वर्णकार, प्राचार्य, प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान जबलपुर को मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-1966 के नियम-9 के प्रावधानों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कार्यालय संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग जबलपुर नियत किया जाता है। श्री स्वर्णकार को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।







