यात्री से मोबाइल लूटकर भागे बदमाशों का लगा सुराग
मुंबई-हावड़ा मेल में हुई थी वारदात, संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ

कटनी, यशभारत। मुंबई-हावड़ा मेल में गुरूवार को हुई लूट की वारदात के आरोपियों को जीआरपी को सुराग लग गया है। सूत्रों के मुताबिक रेल पुलिस ने इस मामले में 2-3 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे वारदात के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जीआरपी का कहना है कि जल्द ही इस वारदात का खुलासा हो जाएगा। गौरतलब है कि झारखंड निवासी 23 वर्षीय राजकुमार भुईंया पिता बुद्धन कल्याण में नौकरी करता है। गुरुवार को वह गाड़ी संख्या 12322 मुंबई हावड़ा मेल के एस-6 कोच में सवार होकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन के कटनी स्टेशन से रवाना होने के बाद खिरहनी फाटक आउटर पहुंचने के दौरान वे गेट पर खड़े होकर मोबाइल से बात कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने मोबाइल खींचने के लिए हाथ मारा तो राजकुमार अपना नियंत्रण खो बैठा और मोबाइल सहित रेलवे ट्रेक पर गिर गया। वो कुछ समझ पाता, उससे पहले ही बदमाश मोबाइल लेकर भाग निकला। ट्रेक पर गिरने से राजकुमार के सिर पर गंभीर चोट आई।
घटना के दौरान यात्री राजकुमार ट्रेक में घायल अवस्था में पड़ा रहा और ट्रेन गुजर गई। इसी बीच ट्रेक पर काम कर रहे ट्रेकमेन आनंद बर्मन की उस पर नजर पड़ी तो वे फौरन उसके पास पहुंचे और 108 व स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया। घायल यात्री को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। उपचार के बाद यात्री दूसरी टे्रन से अपने घर के लिए रवाना हो गया।
इनका कहना है…….
मुंबई हावड़ा मेल में यात्री के साथ हुई लूट की वारदात को सुराग लग गया है। इस मामले में 2-3 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस मामले का खुलासा हो जाएगा। घटना के बाद से खिरहनी फाटक आउटर के पास रेल पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है।
अरूणा वाहने
रेल थाना प्रभारी







