इंदौरग्वालियरजबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

22 साल के MBA स्टूडेंट की हार्ट अटैक से मौत:TIT कॉलेज भोपाल के छात्र को किचन में सब्जी बनाते समय आया अटैक

भोपाल के टीआईटी कॉलेज से एमबीए कर रहे 22 वर्षीय छात्र की हार्ट अटैक से मौत हो गई। छात्र को उसके दोस्त पटेल नगर स्थित गायत्री हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया।

पिपलानी थाना पुलिस ने बताया कि रीवा निवासी विवेक सोनी (22) अयोध्या नगर क्षेत्र में दोस्तों के साथ रहता था। सोमवार रात करीब 8 बजे वह फ्लैट में दोस्तों के साथ सब्जी बना रहा था। तभी उसने दोस्तों से सीने में दर्द की बात कही, और किचन में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। विवेक को तुरंत पटेल नगर स्थित गायत्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

कहा था- पहले खाना खाएंगे, फिर करेंगे पढ़ाई

अयोध्या नगर स्थित फ्लैट में घटना के वक्त विवेक सोनी के साथ मौजूद रहे दोस्तों ने बताया कि सोमवार रात चार दोस्त पढ़ाई करने इकट्‌ठे हुए थे। हम सभी पढ़ाई शुरू करने वाले थे, तभी विवेक ने कहा- पहले खाना खाएंगे। फिर पढ़ाई करेंगे।

सब्जी बनाते-बनाते सीना पकड़कर गिर गया विवेक

छात्र के दोस्तों ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7.50 बजे विवेक किचन में सब्जी बनाने गया। वह किचन में सब्जी बनाते हुए बात कर रहा था। विवेक ने सब्जी बनाना शुरू ही किया था, तभी वह गिर गया। जब वह गिरा, उस वक्त वह अपने सीने को हाथ से पकड़े हुए था। कुछ बोल नहीं रहा था। हम उसे पटेल नगर स्थित गायत्री हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Icon Join Yashbharat App
Notifications Powered By Aplu