मंडला। जिले में दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्य कर दिया गया। मंडला पुलिस द्वारा आम नागरिकों को निरंतर समझाइश दी जा रही है, यहां तक ब्लैक स्पॅाट से गांव गांव तक हेलमेट पहनने के लिए लोगो को जागरूक किया। मंडला पुलिस के द्वारा 26 जनवरी 2026 से हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। मंडला पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु एवं गंभीर चोटों को कम करना तथा प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करना है। जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना स्थलों पर पहुंचकर दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित कर हेलमेट की अनिवार्यता एवं उपयोगिता के संबंध में जागरूकता संदेश दिया जा रहा है।
वाहन चालकों को बताया गया है कि हेलमेट सिर की गंभीर चोटों से बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा बिना हेलमेट दुर्घटना की स्थिति में जान जाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है, पूर्व में बिना हेलमेट कितने लोगों ने अपनी जान गंवाई है जानकारी दी जा रही है। इस अभियान में शहर के प्रमुख संस्थानों एवं जागरूक नागरिकों को जरूरतमंद व्यक्तियों को हेलमेट दान करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है जिसमें अभी तक लगभग 125 हेलमेट प्राप्त कर प्रदान किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में जिले के समस्त थानों के बीट प्रभारी एवं माइक्रो बीट अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता के संबंध में जागरूक कर रहे हैं। जिले में कार्यरत 297 माइक्रो बीट अधिकारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के ग्रामों में चौपाल, बैठकों एवं अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी, यातायात नियमों की जागरूकता, हेलमेट व सीटबेल्ट की अनिवार्यता, राहवीर योजना, कैशलैस इलाज, साइबर फ्रॉड से बचाव, बाल-बालिका सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर आमजन को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। इस पहल से जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों तक भी यातायात सुरक्षा का संदेश प्रभावी रूप से पहुँच रहा है।
Back to top button