
काकीनाडा में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 21 की मौत
काकीनाडा, यश भारत। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। समरलाकोटा मंडल के वेटलापलेम स्थित एक पटाखा निर्माण केंद्र में अचानक हुए भीषण विस्फोट से कम से कम 21 लोगों के मरने की खबर है। घटना के समय फैक्ट्री परिसर में लगभग 35 कर्मचारी काम कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज़ था कि आग की ऊंची लपटें आसमान तक उठती दिखाई दीं। आसपास के गांवों तक धमाके की गूंज सुनाई दी, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दमकलकर्मी देर तक आग पर काबू पाने में जुटे रहे।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पटाखे तैयार करने के दौरान अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की तीव्रता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ शव पास के खेतों तक जा गिरे। विस्फोट के बाद पूरी फैक्ट्री जलकर खाक हो गई।
काकीनाडा गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल के अधीक्षक ने बताया कि सात घायलों को 90 से 100 प्रतिशत तक झुलसी अवस्था में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक उनकी जान बचाने के प्रयास में जुटे हैं।
इस त्रासदी पर एन चंद्राबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने तत्काल वनगलपुड़ी अनिता को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। गृह मंत्री ने भी काकीनाडा के जिला कलेक्टर से बातचीत कर हालात की विस्तृत जानकारी ली है।







