ब्रेकअप के गम में 19 वर्षीय युवक ने दी जान

ब्रेकअप के गम में 19 वर्षीय युवक ने दी जान
भोपाल,यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी (E-6) में शनिवार देर रात एक 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग में विफलता और मानसिक तनाव का सामने आया है। मृतक पिछले चार साल से एक युवती के साथ रिलेशनशिप में था, जिसने करीब 15 दिन पहले उससे बातचीत बंद कर दी थी। हबीबगंज पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार से अलग किराए के कमरे में रहता था मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिट्टू साहू (19), पिता संजय साहू के रूप में हुई है। बिट्टू ऑनलाइन कॉल सर्विस में काम करता था। परिजनों ने बताया कि बिट्टू अपनी प्रेमिका के साथ रहने के लिए परिवार से अलग किराए का कमरा लेकर रह रहा था। दोनों के बीच पिछले 4 सालों से संबंध थे और बिट्टू उससे शादी करना चाहता था।
15 दिन पहले युवती ने तोड़ा नाता
मृतक के चाचा सुभाष साहू ने बताया कि करीब 15 दिन पहले युवती अचानक बिट्टू को छोड़कर अपने परिवार के पास लौट गई थी। इसके बाद उसने बिट्टू से पूरी तरह संपर्क तोड़ लिया और फोन उठाना भी बंद कर दिया। इस अलगाव के कारण बिट्टू गहरे सदमे और डिप्रेशन में चला गया था। उसने अपनी व्यथा अपने चाचा को भी बताई थी, लेकिन शनिवार रात उसने खौफनाक कदम उठा लिया।
हबीबगंज थाना पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह घटना की सूचना मिली, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस अब मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया चैट्स खंगाल रही है ताकि आत्महत्या की असली वजहों की पुष्टि हो सके।







