जबलपुर

आजीवन कारावास की सजा काट रहे 12 कैदियों को किया गया रिहा

जेल के बाहर परिवार के सदस्यों को देख कैदियों ने लगाया गले

 

नेताजी सुभाषचंद्र केंद्रीय जेल जबलपुर में लगाया गया स्वास्थ्य शिविर

जेल के बाहर परिवार के सदस्यों को देख कैदियों ने लगाया गले

अच्छे आचरण के कारण राज्य शासन ने किया माफ

जबलपुर,यशभारत। रविवार को जैसे ही केंद्रीय जेल से बाहर कैदी निकले वैसे ही उनके परिजनों ने अपने-अपने लोगों को गले लगा लिया और कहा कि अब दोबारा कोई ऐसी गलती नहीं करना जिससे हमसे दूर होना पड़े और जेल जाना पड़े। इतना सुनकर कैदियों की आंखें भर आईं और उन्होनें भी अपने-अपने परिजनों को गले से लगा लिया। जी हां ये नजारा रविवार दोपहर का नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय जेल के मेन गेट के बाहर का था, मौका था डॉ. भीमराव अंबेडकर साहब की जयंती के मौके पर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 12 बंदियों की रिहाई का। जानकारी के अनुसार रविवार को केंद्रीय जेल से 12 कैदियों को रिहा किया गया है। इन बंदियों को उनके अच्छे आचरण के कारण राज्य शासन द्वारा रिहा किया गया है।

स्वास्थ्य शिविर में 415 बंदियों का किया गया चैक-अप
माननीय उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति मध्यप्रदेश जबलपुर के सौजन्य से मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय मुख्य पीठ जबलपुर के क्षेत्र अंतर्गत आने वाली समस्त जेलों में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय जेल जबलपुर में स्वास्थ्य शिविर व विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जेल में लगाए गए शिविर में जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, अस्थि रोग, शिशु रोग, गायनेकॉलॉजी, नेत्र रोग, कार्डियोलॉजी, कैंसर रोग, डेन्टल विभाग के 19 चिकित्सकों के द्वारा 358 पुरुष बंदी, 54 महिला बंदी तथा 3 बच्चों सहित कुल 415 बंदियों का चैकअप किया गया है।

न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल का गार्ड ऑफ ऑनर से किया स्वागत
जेल में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दौरान माननीय उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति जबलपुर के अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। माननीय न्यायमूर्ति द्वारा सुभाष कक्ष में नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की शयिका पर पुष्पाजली अर्पित कर वार्ड का अवलोकन किया गया। इसके बाद माँ सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया गया। जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर द्वारा कार्यक्रम का परिचय दिया गया। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय मुख्यपीठ जबलपुर के क्षेत्रान्तर्गत सभी केन्द्रीय जेलों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरो वीडियों कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अवलोकन एवं अन्य केन्द्रीय जेलों से शिविर के संबंध में चर्चा की गई की जाकर केन्द्रीय जेल जबलपुर के जेल चिकित्सालय में वृहद स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन भी किया गया और जेलों में टेली मेडिसिन की सुविधा शुरू करने की दिशा में कार्य करने निर्देश दिये गये हैं।

ये अतिथि हुए शामिल
स्वास्थ्य शिविर के दौरान न्यायिक पदाधिकारीगण में आलोक अवस्थी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जबलपुर , सुधांशु सक्सेना अतिरिक्त सचिव मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर, अनिल कुमार रजिस्ट्रार / सचिव मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति जबलपुर , अवधेश कुमार श्रीवास्तव रजिस्ट्रार / सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर ,जिला विधिक सहायता अधिकारी बी डी दीक्षित, प्रदीप सिंह , सर्वेश चतुर्वेदी , श्री दिग्विजय सिंह उपस्थित रहे।

42 बंदियों ने जाने विधिक अधिकार
इस अवसर पर जेल में बंदियों के हितार्थ विधिक साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया। विधिक सहायता शिविर में विशेष रूप से चीफ लीगल एड डिफेन्स काऊंसिल अशोक पटेल, डिप्टी चीफ राजेश तिवारी, वीरेन्द्र सिंह ,अभिषेक तिवारी, असिस्टेन्ट गौरव पाठक, वेदांत पटेल, मनीष मिश्र तथा जेल पैरालीगल वॉलेंटियर्स द्वारा सहयोग किया गया। कार्यक्रम में करीब 42 कैदियों को उनके विधिक अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई और 2 कैदियों को विधिक सहायता के माध्यम से नि:शुल्क अधिवक्ता दिलाए जाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जेल उप अधीक्षक मदन कमलेश, जेल चिकित्सक डॉ0 लक्ष्मण शाह, उप जेल अधीक्षक रूपाली मिश्रा एवं सहायक जेल अधीक्षक हिमांशु तिवारी एवं लेखापाल राहुल चौरसिया, प्रहरी विवेकानन्द शर्मा सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन कल्याण अधिकारी सरिता घारू द्वारा किया गया।
०००००००००००००००

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button