ICU में आग से 10 मरीजों की मौत: कटक के सरकारी अस्पताल में तड़के मचा हड़कंप
CM ने दिए जांच के आदेश

कटक,एजेंसी। ओडिशा के कटक स्थित एसएसबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के ICU वार्ड में लगी आग और धुएं की वजह से 10 मरीजों की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि आग सुबह करीब 3 बजे ICU वार्ड में लगी थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एयर कंडीशनिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। जिस समय हादसा हुआ, उस समय ICU में करीब 23 मरीज भर्ती थे।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि बचाव अभियान शुरू होने से पहले ही 7 मरीजों की मौत हो चुकी थी। बाद में धुएं के कारण दम घुटने से 3 और मरीजों ने दम तोड़ दिया। अन्य मरीजों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में 5 मरीज और 2 अस्पताल कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मुख्यमंत्री मांझी खुद अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य सचिव अश्वथी एस, कटक के जिला कलेक्टर दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे और कटक के डीसीपी ऋषिकेश खिलारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
गौरतलब है कि 1944 में स्थापित एसएसबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पूर्वी भारत के सबसे पुराने और बड़े सरकारी अस्पतालों में से एक है। यह ओडिशा का प्रमुख रेफरल अस्पताल है, जहां राज्य और आसपास के क्षेत्रों से गंभीर मरीजों को इलाज के लिए लाया जाता है।






