व्यापारी के मकान से 10 लाख नगदी और 25 लाख के जेवरात चोरी

व्यापारी के मकान से 10 लाख नगदी और 25 लाख के जेवरात चोरी
-अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल यशभारत।
गांधी नगर थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रीनिक कारोबारी के मकान पर धाबा बोलकर अज्ञात शातिर चोर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत करीब 35 लाख का माल चुराकर ले गए। वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वारदात बीती रात की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना पुलिस के मुताबिक सुनील वदलानी सुविध विहार कॉलोनी गांधी नगर में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी झूलेलाल मार्केट में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। बीती रात वह अपने परिवार के साथ किसी परिचित के यहां पार्टी में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने मकान का ताला तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता परिवार के घर पहुंचने पर चला। अंदर देखा तो पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे 10 लाख रूपए नगदी और करीब 25 लाख रूपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। चोरी की वारदात का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। तब तक क्राइम ब्र्रांच की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों का सुराग जुटाने के लिए कॉलोनी और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।







