सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम रुरावन के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर के बाद ट्रक से कुचलकर चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार रुरावन-पापेट तिराहे पर शाम करीब 7 बजे दो मोटर साइकिलें आपस में टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक बाइक सवारों को कुचलता हुआ चला गया। जिससे घटना स्थल पर बाइक टकराने से गिरे चार लोगों की मौत हो गई, एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइकों पर पांच लोग सवार थे। जिनमें से तीन मृतक की पहचान गौरव पिता रामस्वरूप अहिरवार, गोलू पिता भैयालाल बंसल निवासी खटौरा कला, आनंद पिता रतिराम अहिरवार निवासी खटौरा कला के रूप में हुई, अन्य एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंडा पहुंचाया। वहीं पुलिस के घटना स्थल पर देर से पहुंचने पर नाराज ग्रामीणों ने पथराव कर चक्काजाम का भी प्रयास किया।
उक्त हृदयविदारक घटना को लेकर अक्रोशित भीड़ को नियंत्रित कर उसे तितर बितर किया गया। पुलिस ने जल्द ही ट्रक समेत चालक को पकड़ने का आश्वासन दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल एक को सागर रेफर कर दिया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही छानबीला थाना पुलिस और एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती जांच और पंचनामा कार्रवाई के बाद मृतकों की पहचान कर ली गई है।
छानबीला पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाले चार युवकों में से दो मृतक बंडा के ग्राम रुरावन के निवासी थे वहीं, अन्य दो मृतक छानबीला थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि घायल युवक के होश में आने के बाद दुर्घटना के संबंध में और अधिक जानकारी मिल सकती है।
हाईवे पर हुई इस भीषण टक्कर के बाद शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए बंडा अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा ओवर-स्पीडिंग का है या लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है, जिसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया है।
हाईवे पर अचानक हुए इस हादसे ने एक बार फिर रात के समय सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार बाइकों के इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।