मध्य प्रदेशराज्य

हत्याकांड का खुलासा: दिव्यांग की उसी की बैसाखी से पीटकर की गई थी हत्या

 

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बिजरी में दो दिन पूर्व रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए खूनी संघर्ष और टीकाराम लोधी की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। वारदात के समय मृतक और आरोपियों के बीच शराब पार्टी चल रही थी, जहाँ विवाद होने पर आरोपियों ने दिव्यांग टीकाराम की ही बैसाखी छीनकर उसकी पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी थी। बंडा थाना पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में तत्परता दिखाते हुए घटना के चौबीस घंटे के भीतर ही दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

बैसाखी छीनकर सिर पर किए थे ताबड़तोड़ वार

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आए प्रामाणिक तथ्यों के अनुसार, ग्राम बिजरी निवासी दिव्यांग टीकाराम लोधी (आयु 40 वर्ष) घटना के वक्त गांव के ही झब्बू लोधी (60 वर्ष) और राधे लोधी (28 वर्ष) के साथ बैठे थे। इस दौरान इनके बीच शराब पार्टी चल रही थी, तभी अचानक रुपयों के लेन-देन के पुराने मामले को लेकर पुनः कहासुनी प्रारंभ हो गई। विवाद इतना गहराया कि दोनों आरोपियों ने आपा खो दिया और निशक्त टीकाराम की लाचारी का फायदा उठाते हुए उसकी ही बैसाखी छीन ली। इसके बाद आरोपियों ने उसी बैसाखी से टीकाराम के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ कई प्राणघातक वार किए, जिससे आई गंभीर आंतरिक चोटों के कारण अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद मृतक के भाई मेघराज लोधी की लिखित शिकायत पर बंडा थाना पुलिस ने हत्या का आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें रवाना की थीं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और मार्गदर्शन में बंडा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और घेराबंदी कर दोनों मुख्य आरोपियों झब्बू लोधी और राधे लोधी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त रक्त रंजित बैसाखी भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित सफलता पर क्षेत्र के नागरिकों ने बंडा पुलिस प्रशासन की सराहना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button