कटनीमध्य प्रदेश

स्कूल शिक्षा मंत्री के प्रभार वाले जिले में शिक्षा विभाग की मनमानी चरम पर, फंड की लीपापोती, स्कूल जर्जर और खस्ताहाल, रीठी के बड़गांव शासकीय स्कूल के शौचालय में छात्र को लगा करंट

कटनी, यशभारत। जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मनमानी कार्यप्रणाली और बेपरवाही का नतीजा यह रहा कि एक छात्र करंट की चपेट में आ गया। सरकार द्वारा स्कूल में डेवलपमेंट और मरम्मत के नाम पर हर साल करोड़ों रुपए की राशि स्वीकृत की जाती है लेकिन कटनी जिले में इस राशि का सदुपयोग नहीं बल्कि दुरुपयोग हो रहा है। यही कारण है कि स्कूल जर्जर और खस्ताहाल हैं और अधिकारी एसी चेम्बरों की शोभा बढ़ा रहे हैं। विडम्बना इस बात की है कि इतनी लापरवाही उस जिले में चल रही है, जो प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के प्रभार वाला जिला है। इसके बावजूद अधिकारी अपनी मनमानी पर उतारू हैं।
रीठी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम बड़गांव के शासकीय स्कूल में प्रबंधन की लापरवाही के चलते पढ़ाई करने गया एक छात्र करंट की चपेट में आ गया। बताया जाता है की छात्र रोज़ की तरह सुबह स्कूल पहुंचा था। इसी दौरान वह निस्तार के लिए स्कूल परिसर में बने बाथरूम गया हुआ था। बाथरूम में मौजूद छात्र अचानक बिजली की तारों के संपर्क में आ गया। छात्र की बिजली का इतना जोरदार झटका लगा की वह वहीं गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में छात्र को पहले बड़गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए उसे कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल छात्र का जिला अस्पताल कटनी में उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार छात्र की हालत अब स्थिर है, लेकिन वह चिकित्सकीय निगरानी में हैँ।
स्कूल प्रबंधन की लापरवाही
इस पूरे मामले को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक इंतज़ाम क्यों नहीं किए गए थे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी हैँ। बाथरूम में बिजली की अव्यवस्थित तारों को लेकर आखिर स्कूल प्रबंधन ने कोई संज्ञान क्यों नहीं लिया। स्कूल प्रबंधन द्वारा की गई लापरवाही का खामियाजा आखिर एक छात्रा को चुकाना पड़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button