सीलिंग के विरोध में कोलार बंद, व्यापारियों ने जताया आक्रोश दुकानें बंद कर किया विरोध, कार्रवाई पर रोक और स्थायी समाधान की मांग

सीलिंग के विरोध में कोलार बंद, व्यापारियों ने जताया आक्रोश
दुकानें बंद कर किया विरोध, कार्रवाई पर रोक और स्थायी समाधान की मांग
भोपाल, यश भारत। रिहायशी क्षेत्रों में दुकानों पर की जा रही सीलिंग कार्रवाई के विरोध में बुधवार को कोलार क्षेत्र के व्यापारियों ने बंद का आह्वान किया। व्यापारियों के समर्थन में क्षेत्र की कई दुकानें बंद रहीं जिससे बाजार में कारोबार प्रभावित हुआ। व्यापारियों ने एकजुट होकर प्रशासन की कार्रवाई का विरोध जताया और सीलिंग प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में कारोबार कर रहे दुकानदारों के सामने सीलिंग कार्रवाई के चलते रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि कार्रवाई का सबसे अधिक असर छोटे और मध्यम व्यापारियों पर पड़ रहा है। व्यापारियों ने कहा कि कार्रवाई से पहले उनकी समस्याओं और कारोबार से जुड़े पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। बंद के दौरान व्यापारियों ने सरकार और प्रशासन से सीलिंग कार्रवाई रोकने तथा व्यापारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।







