मंडला l148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ के एक जवान ने मानवता का परिचय देते हुए 14 साल के एक बच्चे की जान बचाने के लिए रक्तदान किया है। बताया गया कि शुक्रवार को जिला अस्पताल में एक गंभीर रूप से बीमार बच्चे को तत्काल खून की जरूरत थी, लेकिन ब्लड बैंक में उसके ब्लड गु्रप का रक्त उपलब्ध नहीं था। जिसकी जानकारी सीआरपीएफ जवान जीडी कृष्णा परमार को मिली और तत्काल अस्पताल पहुंचकर रक्तदान कर बच्चे की जान बचाई।
जानकारी अनुसार अयान यादव पिता द्वाराका यादव 14 वर्षीय निवासी ग्राम गोंझी, नैनपुर को इलाज के दौरान ए पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता पड़ी। जिला चिकित्सालय मंडला में पदस्थ डॉ. प्रवीण उइके ने तुरंत रक्त चढ़ाने की सलाह दी, लेकिन ब्लड बैंक में ए पॉजिटिव रक्त नहीं मिल सका। बच्चे के परिजनों ने मदद के लिए 148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल से संपर्क किया। यहां पदस्थ कमांडेन्ट विक्रांत सारंगपाणि के निर्देशन में यहां के जवान हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए खड़े रहते है। बताया गया कि जैसे ही 148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को इसकी जानकारी मिली, तत्काल सिपाही, जीडी कृष्णा परमार ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान करने की इच्छा जताई। उन्होंने एक यूनिट ए पॉजिटिव रक्तदान कर अयान यादव की जान बचाई। इस नेक कार्य के बाद जवान कृष्णा परमार ने आम जनता से भी रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से स्वास्थ्य पर कोई भी नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह किसी की जिंदगी बचाने का सबसे बड़ा जरिया बन सकता है। उनका यह कदम न केवल एक बच्चे के लिए जीवनदान साबित हुआ, बल्कि इसने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी काम किया है।
Back to top button