सिवनी के केवलारी में 2 युवकों की चाकू मारकर हत्या के बाद थाना प्रभारी लाइन अटैच

सिवनी lजिले के केवलारी तहसील मुख्यालय में शुक्रवार देर रात दो युवकों की हत्या की घटना से शनिवार सुबह स्थिति तनावपूर्ण बन गई है। शनिवार सुबह केवलारी मुख्यालय में आक्रोशित भीड़ ने चांदनी चौक में चकाजाम कर पुलिस थाना केवलारी परिसर का घेराव कर दिया। इतना ही नहीं लोगों ने सड़क में कई जगह टायर चलाए इस दौरान आक्रोशित लोगों ने केवलारी की शराब दुकान में आग लगा दी। कुछ वाहनों के भी आगजनी की चपेट में आने की बात कही जा रही है, जिसकी पुष्टि नहीं हो सकी। युवकाें की निर्मम हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोगों का कहना है कि केवलारी थाना प्रभारी ब्रजेश उइके को हटाने के साथ ही आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। सुबह आक्रोशित लोगों को काबू में करने पुलिस को हल्का बल प्रयाेग करना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि केवलारी की स्थिति पूरी तरह पुलिस के नियंत्रण में है। पीड़ित परिवार से सहमति बनाकर जल्द ही मृतकों के शवों का पोस्ट मार्टम कराया जाएगा। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए केवलारी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लोगों में आक्रोश को देखते हुए व्यापारियों के सुबह से ही अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर रखा है। स्टेट हाईवे से केवलारी नगर के दोनों प्रमुख प्रवेश मार्ग में फिलहाल वाहनों का आवागमन नहीं हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीडी शर्मा समेत जिले के पुलिस अधिकारियों ने केवलारी पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया था। केवलारी एसडीओपी आशीष भराड़े सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल क्षेत्र में तैनात थे।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात दो युवकों पर अज्ञात कारणों से धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर घायलों को केवलारी अस्पताल लाया गया जहां प्रारंभिक जांच के बाद घायलों को जिला चिकित्सालय सिवनी रैफर किया गया, जहां अस्पताल में दोनों युवक की मौत हो गई। इस घटना को लेकर केवलारी क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक युवक केवलारी के पास स्थित परासपानी गांव के बताए गए हैं। युवकों की हत्या की खबर केवलारी क्षेत्र में फैलने के बाद पीड़ित परिवार व ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता का कहना है कि केवलारी की स्थिति पूरी तरह पुलिस के नियंत्रण में है। आक्रोशित लोगों को शांत कराकर मृतकों के शव का पोस्ट मार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
वही प्रदर्शन कर रहे लोगों द्वारा हत्या के आरोपितों को तत्काल पकड़ने तथा केवलारी थाना प्रभारी को हटाने की मांग की जा रही थी। जिसकी बाद टीआई को लाइन अटैच कर दिया गया है।