सिवनी के अमन कबीर का महाराष्ट्र में हुआ सम्मान : राज्य मंत्री एड. आशीष जायसवाल एवं फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने किया सम्मानित

सिवनी यश भारत:-महाराष्ट्र सरकार के पर्यटन संचालनालय, सांस्कृतिक कार्य विभाग और नागपुर जिला प्रशासन द्वारा रामटेक में संयुक्त रूप से आयोजित तीन दिवसीय पर्यटन और सांस्कृतिक महोत्सव में सिवनी जिले के युवा लेखक, गीतकार, नाटककार अमन कबीर को महाराष्ट्र सरकार के वित्त, कृषि, कामगार, न्याय एवं पुनर्वसन राज्य मंत्री एवं गढ़चिरौली सह पालक मंत्री एड. आशीष जायसवाल एवं प्रख्यात फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने सम्मानित किया।
अमन कबीर के द्वारा लिखे गए सिंधूगिरी, कुंवारा भिवसेन, संविधान, शहीद ए आजम, कोराडी जगदम्बा जैसे कई महानाट्य का मंचन महाराष्ट्र के कई जगह किया जा रहा है। रामटेक में होने वाले महोत्सव के हर वर्ष अमन कबीर के लिखे महानाट्य और गीतों की प्रस्तुति दी जाती है जिसमें देश के कई प्रसिद्ध कलाकार पहुंचते है।
रामटेक में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में सिंगर सुखविंदर सिंह, उदित नारायण सहित अन्य सिंगर ने भी अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान अमन कबीर के अलावा विश्व के सबसे युवा आयरन मैन का खिताब जीतने वाले दक्ष खते का भी रामटेक महोत्सव में एड. आशीष जायसवाल और सोनू सूद ने सम्मान किया। अमन कबीर की इस उपलब्धि ने जिले को गौरान्वित किया है। अमन कबीर ने बताया कि उन्हें बचपन से ही लेखन, गीत लिखने और मंच में नाटक करना पसंद था। और उन्हीने सैंकड़ो मंचीय नाटकों में प्रस्तुति दी है। सिवनी के मिशन स्कूल से शिक्षा ग्रहण की है।