सिरप का ‘ज़हरीला’ सिंडिकेट: पति-पत्नी चला रहे थे नशे की ‘होम डिलीवरी’! : 930 शीशी नशीली सिरप बरामद

रीवा । विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत झांझर कॉलोनी में पुलिस ने एक घर में दबिश देकर 930 शीशी नशीली सिरप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दंपति को गिरफ्तार किया है, जिनसे इस कारोबार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों के पास से कैश भी बरामद हुआ है।
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना की तस्दीक कराने के बाद सोमवार को रेड कार्रवाई कर भारी तादात में नशीली सिरप बरामद की गई है। इस मामले में आरोपी विनय दीपांकर एवं उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। आरोपी दंपति को गिरफ्तार करने के बाद यह जानकारी जुटाई जा रही है कि नशीली सिरप की यह खेप कहां से आई थी और इसकी सप्लाई कहां होनी थी। इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं
टीआई हितेंद्र नाथ शर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 1 लाख 70 हजार की नकदी भी बरामद हुई है। जब्त सिरप की कीमत लाखों में हैं। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।






