सागर में कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा का कार्यक्रम अब दोपहर 12 बजे से नई ग़ल्ला मंडी में होगा : प्रशासन ने नहीं दी कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन की अनुमति

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ कांग्रेस द्वारा आज निकाली जाने वाली किसान न्याय यात्रा का आयोजन अब पूर्व निर्धारित समय 12 बजे ही खुरई रोड स्थित नई गल्ला मंडी पर होगा। पार्टी की ओर से पूर्व में इस कार्यक्रम को बस स्टेण्ड से कलेक्ट्रेट ऑफिस तक किए जाने की घोषणा की गई थी। लेकिन प्रशासन की स्वीकृति नहीं मिलने के चलते उक्त रूट में परिवर्तन किया गया हैँ।
जिला कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण के अध्यक्ष द्वय राजकुमार पचौरी एवं डाँ आनंद अहिरवार ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आव्हान पर किसानों की मांगों को लेकर आज 20 सितंबर को पूरे प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ ट्रैक्टर रैली एवं प्रदर्शन किया जा रहा है। इस संबंध में सागर में भी उक्त कार्यक्रम बस स्टैंड के पास से गोपालगंज सिविल लाइन होते हुए कलेक्टर कार्यालय तक आयोजित किया जाना था। लेकिन किसानों के आक्रोश से घबराई प्रदेश की भाजपा सरकार इस प्रदर्शन को कुचलना के लिए दमन चक्र पर उतर आई है। जिसके चलते कांग्रेस को उक्त आयोजन को रोकने के प्रयास में प्रशासन पर दबाव बनाकर रैली निकालने की अनुमति नहीं दी गई है। अध्यक्ष द्वय ने कहा कि हम संविधान का सम्मान करते हुए अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का पूरा प्रयोग करेंगे और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को परिवर्तित कर सभी किसान भाईयों के साथ नई ग़ल्ला मंडी, खुरई रोड पहुँचेगे और ग़ल्ला मंडी में सभा कर किसान अपना विरोध दर्ज कराएगे।
जिला कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण के अध्यक्ष द्वय राजकुमार पचौरी एवं डाँ आनंद अहिरवार ने सभी कांग्रेसजनो व किसान भाईयों से दोपहर 12 बजे खुरई रोड स्थित नई गल्ला मंडी पहुंचकर किसान न्याय यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।