सर्वेक्षण के पहले चमक रहा शहर, अच्छी रैंकिंग के लिए सफाईपर फोकस, मार्च के पहले सप्ताह में आएगी सर्वेक्षण टीम, फाइव स्टार रेटिंग व ओडीएफ प्लस के प्रयास

कटनी, यशभारत। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को साफ-सुथरा दिखाने के लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। शहर में साफ सफाई के साथ रंगाई-पुताई भी करवाई जा रही है। नगर निगम की तैयारियों के बीच दिल्ली से स्वच्छता सर्वेक्षण टीम कभी भी कटनी आकर मुआयना कर सकती है।
बताया जाता है कि टीम के अधिकारी मार्च के पहले सप्ताह में कटनी आ सकते हैं। सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम के आयुक्त, अधिकारी व कर्मचारी तैयारी में जुटे हुए हैं। टीम को चकाचक दिखाने चहुंओर पहल हो रही है। नगर निगम ने फाइव स्टार रेटिंग व ओडीएफ प्लस प्लस के लिए स्वच्छता पोर्टल पर आवेदन किया है। इस संबंध में नगर निगम सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार केन्द्र सरकार के निर्देश पर मध्यप्रदेश में विगत 15 फरवरी से स्वच्छता सर्वेक्षण शुुरू हो गया है। जिलों में दिल्ली की टीम अचानक पहुंचकर स्वच्छता का जायजा ले रही हैं, इसके पहले नगर निगम की सहयोगी संस्था ओमसाईं विजन द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर फीडबैक लिया जा रहा है।
दो वर्षों की रैंकिंग की स्थिति
पिछले दो वर्षों में स्वच्छता की रैंकिंग में कटनी काफी पीछे रहा, जिसके चलते इस बार नगर निगम प्रशासन द्वारा रैंकिंग में सुधार के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक 2023 में कटनी शहर 36वें पायदान पर रहा, जिसकी रैंकिंग 2024 में जारी हुई थी। यह रैंकिंग एक लाख से अधिक की आबादी वाले शहर की श्रेणी में हुई थी। 2022 में एक लाख से 10 लाख तक की आबादी वाले शहर में 33 रैंक प्राप्त की थी। अब 2024 की रैकिंग सर्वेक्षण के बाद जारी होगी। स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छी रैंकिंग के लिए शहर को चमकाया जा रहा है। रैंकिंग में शहर को बेहतर नंबर मिल जाएं, इसके लिए नगर निगम का अमला मैदान में उतर गया है। रात्रिकालीन सफाई के साथ ही वॉल पेंटिंग कराई जा रही है। समय पर सडक़ों में झाड़ू लगाने, कीटनाशक दवाओं का छिडक़ाव करने, नालियों से कचरे की निकासी, कचरा सडक़ पर कम से कम गिरे यह व्यवस्था, हाथ ठेला में बैग सिस्टम लागू किया गया है। डोर-टू-डोर कचरे का कलेक्शन कराया जा रहा है। प्रसाधनों की निगरानी हो रही है।








