कटनीमध्य प्रदेश

सटोरिए सक्रिय, संभाला मोर्चा, हर चौके-छक्के पर लग रहे लाखों के दांव, रस्म अदायगी में जुटी पुलिस, बड़े सटोरियों की बजाए छोटे बुकियों पर कार्रवाई, एमईएस कॉलोनी में रेड

कटनी, यशभारत। ट्वंटी-ट्वंटी विश्व कप की शुरुआत होते ही शहर से लेकर उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर में एक बार फिर क्रिकेट सट्टे की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। मैच शुरू होते ही हर गेंद और हर ओवर पर दांव लगाए जा रहे हैं। चर्चा है कि कहीं यह खेल चोरी छिपे तो कहीं कथित रूप से पुलिस की जानकारी में संचालित हो रहा है। यह कोई नई बात नहीं है कि सट्टे के ठिकानों की जानकारी पुलिस के निचले स्तर के स्टाफ को होने के बाद भी अधिकांश मामलों में मौके पर ही लेन देन कर मामला निपटा दिया जाता है। वरिष्ठ अधिकारियों के दबाव में कभी-कभार छोटे बुकियों पर कार्रवाई कर औपचारिकता निभा दी जाती है। ऐसी ही एक रस्म अदायगी माधवनगर पुलिस ने की है। माधवनगर पुलिस ने ट्वंटी-ट्वंटी विश्व कप के मैच पर मोबाइल आईडी के जरिए हर गेंद पर सट्टा खिलाते हुए एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। हालांकि स्थानीय चर्चा में यह भी कहा जा रहा है कि पकड़ा गया युवक केवल एक प्यादा है, जबकि सट्टे के असली मास्टरमाइंड अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमईएस कॉलोनी माधवनगर में वैभव आइसक्रीम के पास वाली गली में मोबाइल ऐप के जरिए क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। दबिश के दौरान वहां टी-20 मैच की हर गेंद और ओवर पर सट्टे की बुकिंग की जा रही थी। पुलिस ने मौके से हॉस्पिटल लाइन निवासी 20 वर्षीय ईशांत फेरवानी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक वन प्लस मोबाइल और 2500 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। जांच के दौरान मानसरोवर कॉलोनी निवासी अजय थारवानी का नाम भी सामने आया है। पुलिस ने सट्टा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button