शराब की बोतल लेकर एसपी ऑफिस पहुंची महिलाएं, महिलाओं ने कहा : गांव में बंद हो शराब की बिक्री, स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देवरीमवई का मामला

कटनी, यशभारत। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देवरीमवई में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा है। गांव-गांव धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब से परेशान महिलाओं ने शराब तस्करों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को महिलाओं ने शराब तस्करों से शराब की बोतलें छीनीं और उन्हें बोरी में भरकर सीधे एसपी ऑफिस पहुंच गई। एसपी ऑफिस के बाहर शराब की बोतलें रखकर महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि गांव में नशे का अवैध कारोबार बंद किया जाए। वे लंबे समय से स्लीमनाबाद पुलिस और आबकारी विभाग को अवैध शराब बिक्री की जानकारी दे रही थीं लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिलाओं ने बताया कि गांव में दीपक पटेल, संदीप पटेल, दुर्गा पटेल, मुकेश पटेल ेद्वारा अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। गांव की सखी बाई, गुड्डी बाई चौधरी, सपना बाई ने बताया कि गांव में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि सुबह के समय युवा, किशोर और पुरुष चाय पीने के बजाय शराब पीने के लिए घर से निकल जाते हैं। शराब की लत के कारण गांव का सामाजिक ताना-बाना पूरी तरह बिगड़ गया है। परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। महिलाएं मजदूरी करके परिवार चलाने के लिए पैसे जुटाती हैं, लेकिन शराब के नशे में घर के पुरुष झगड़ा कर वही पैसे छीन लेते हैं और शराब में उड़ा देते हैं। महिलाओं ने कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप सिंह को ज्ञापन सौंपा व एसपी के पास दो महिलाओं ने जाकर अवैध कारोबार बंद कराने आग्रह किया।
पुलिस एवं आबकारी विभाग पर लगाए आरोप
महिलाओं का आरोप है कि गांव में शराब इतनी आसानी से मिल रही है कि पूरा गांव नशे की गिरफ्त में आ गया है। कई बार सूचनाएं देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची भी, लेकिन शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। महिलाओं का आरोप है कि तस्करों को खुला संरक्षण है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध शराब बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई गईए तो वे आंदोलन को और तेज करेंगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांव में नियमित कार्रवाई कर शराब तस्करों पर सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाया जा सके।







