मध्य प्रदेशराज्य

विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों में मंडला जिले का नाम किया रोशन : मंत्री उइके

 मंडला lशासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में ज्ञानार्जन प्रोजेक्ट 2.0 के तहत वर्ष 2024-25 में नीट एवं जेईई में चयनित विद्यार्थियों को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने उपहार भेंट कर सम्मानित किया। मंत्री श्रीमती उइके ने चयनित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी ने सीमित संसाधनों एवं अल्प सुविधाओं के बीच अपने कठिन परिश्रम से मंडला जैसे जिले का नाम रोशन किया है। इसके लिए आपको, परिजनों एवं शिक्षकों को बधाई।

 

 

मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि जिले के लिए यह बहुत बड़ी बात है कि आप लोगों ने जेईई एवं नीट जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण की। पहले इस तरह की परीक्षाओं की तैयारी बड़े शहरों में ही होती थी। जिला प्रशासन के द्वारा नवाचार के रूप में प्रारंभ किया गया ज्ञानार्जन प्रोजेक्ट 2.0 अपनी सफलता की कहानी खुद ब खुद बता रहा है। जिले में मेडीकल कॉलेज भवन का भी निर्माण तीव्र गति से किया जा रहा है। अनुशासन, लगन एवं समर्पित भाव से आगे की पढ़ाई जारी रखें। मंत्री श्रीमती उइके ने इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद विद्यार्थियों से उनके अनुभव जाने। विद्यार्थियों ने बताया कि जिला प्रशासन के इस नवाचार की बदौलत परीक्षा से संबंधित सारी सुविधाएं यहां प्रदान की गई। जिन परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहर जाकर पढ़ाई करनी होती थी वह यहीं निःशुल्क प्राप्त हो गई।

एपीसी श्री मुकेश पांडे ने इस प्रोजेक्ट के बारे में बताते हुए कहा कि विगत वर्ष 10 विद्यार्थी नीट एवं 4 विद्यार्थी जेईई परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं। नया बैच 16 अगस्त से प्रारंभ किया जा रहा है। 400 विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित की गई। जिसमें 70 विद्यार्थियों को नीट एवं 50 विद्यार्थियों को जेईई की परीक्षा की तैयारी के लिए सिलेक्ट किया गया है। जिले के 32 शिक्षकों द्वारा इस परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है।

नीट में चयनित विद्यार्थी निशा कुलस्ते, तन्या चौधरी, तनिष्का साहू, तान्या साहू, सीमा कोराम, सुहानी मार्को, सावन वरकड़े, करीना कुशराम, अंजुलता भार्गव एवं प्रियंका परते है। कार्यक्रम में श्री रानू राजपूत, एसी ट्राईबल श्रीमती वंदना गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, श्री रंजीत गुप्ता, एपीसी श्री मुकेश पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button