वर्षी महोत्सव, शहर में बनेगा सुरक्षा और ट्रैफिक का पूरा नेटवर्क
हरे माधव दरबार में 9-10 अक्टूबर को आयोजन

शहर में बनेगा सुरक्षा और ट्रैफिक का पूरा नेटवर्क
हरे माधव दरबार में 9-10 अक्टूबर को आयोजन
रेलवे स्टेशन से आयोजन स्थल तक श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रहेगी नजर
पार्किंग और प्रवेश-निकासी व्यवस्था पर प्रशासन का फोकस
कटनी, यशभारत। हरे माधव दरबार का वर्षी

महोत्सव इस बार सिर्फ आयोजन स्थल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए रेलवे स्टेशन से लेकर माधवनगर क्षेत्र तक प्रशासन को व्यवस्थाओं का नेटवर्क तैयार करना होगा। 9 और 10 अक्टूबर को होने वाले महोत्सव में कटनी के अलावा अन्य जिलों से भी सिंधी समाज के श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।इसी को देखते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने आयोजन स्थल से लेकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था तक की तैयारियों को परखा।
प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती आयोजन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभालने की है। निरीक्षण में पंडालों के साथ प्रवेश और निकासी के रास्ते, पार्किंग, श्रद्धालुओं की आवाजाही और आपातकालीन व्यवस्था को प्रमुखता से देखा गया। अधिकारियों ने आयोजन समिति से भीड़ की संभावित स्थिति और अब तक की तैयारियों की जानकारी ली। संबंधित विभागों को इस तरह व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं के आने-जाने के दौरान यातायात बाधित न हो और किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
रेल से आने वाले श्रद्धालुओं पर भी नजर
महोत्सव में दूसरे जिलों से रेल मार्ग से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए रेलवे स्टेशन को भी व्यवस्था का अहम हिस्सा बनाया गया है। रेलवे और जीआरपी अधिकारियों से यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही तथा आयोजन समिति और पुलिस-प्रशासन के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई। यानी श्रद्धालुओं की व्यवस्था आयोजन स्थल पहुंचने के बाद ही नहीं, स्टेशन से बाहर निकलते ही निगरानी में रहेगी।
यातायात पुलिस ने भी महोत्सव को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। यातायात थाना की आरआई अंजू लकड़ा और एसआई शशिभूषण दुबे ने यातायात प्रबंधन से जुड़े इंतजामों का निरीक्षण किया। आयोजन क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में पार्किंग और आवागमन को व्यवस्थित रखने की रणनीति पर भी काम किया जा रहा है।
माधवनगर में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस के कंधों पर
आयोजन माधवनगर थाना क्षेत्र में होने के कारण यहां कानून-व्यवस्था को लेकर भी अलग से तैयारी की जा रही है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से आयोजन से पहले व्यवस्थाएं पूरी करने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
पानी और नागरिक सुविधाओं पर निगम की जिम्मेदारी
भीड़ के बीच मूलभूत सुविधाओं की कमी न रहे, इसके लिए नगर निगम को पेयजल सहित अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थल पर टेंट, दुकानों और श्रद्धालुओं की जरूरत से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी समय रहते पूरा करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, नगर निगम के अधिकारी तथा रेलवे एवं जीआरपी के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की तैयारी का मूल फोकस अब आयोजन स्थल की सजावट से ज्यादा भीड़ के सुरक्षित प्रबंधन, यातायात के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने पर दिखाई दे रहा है।







