भोपालमध्य प्रदेश

राजेंद्र भारती की सजा पर कांग्रेस का हमला, बीजेपी पर लगाए दोहरे मापदंड के आरोप

Congress attacks Rajendra Bharti's sentence, accuses BJP of double standards

राजेंद्र भारती की सजा पर कांग्रेस का हमला, बीजेपी पर लगाए दोहरे मापदंड के आरोप

भोपाल यश‌ भारत। दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को पुराने मामले में सुनाई गई 3 साल की सजा को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने इसे बीजेपी की साजिश और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का उदाहरण बताया है।

मीडिया से बातचीत में मुकेश नायक ने कहा कि यह मामला दशकों पुराना है, लेकिन इसका निपटारा ऐसे समय में किया जा रहा है जब राज्यसभा चुनाव नजदीक हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक सोची-समझी रणनीति के तहत विधायक के वित्तीय और मतदान अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने राहुल गांधी और प्रहलाद पटेल के मामलों का जिक्र किया। नायक ने कहा कि राहुल गांधी को 2 वर्ष की सजा मिलने पर उनकी लोकसभा सदस्यता एक दिन में समाप्त कर दी गई, जबकि मध्य प्रदेश में प्रहलाद पटेल को 2 वर्ष की सजा के बावजूद उनकी सदस्यता समाप्त नहीं की गई और उन्हें कोर्ट से स्थगन स्टे मिलने के बाद वे अपना कार्यकाल जारी रखे हुए हैं। उन्होंने इसे न्याय के दोहरे मापदंड का स्पष्ट उदाहरण बताया। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है और विपक्ष के खिलाफ सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले विपक्षी उम्मीदवारों के नामांकन खारिज कराए जाते हैं, फिर दबाव बनाकर नाम वापस लेने के लिए मजबूर किया जाता है, और अंत में संवैधानिक संस्थाओं का उपयोग किया जाता है। मुकेश नायक ने अपने बयान के अंत में कहा कि निर्वाचन आयोग सहित कई स्वायत्त संस्थाओं पर सत्ता पक्ष का प्रभाव बढ़ गया है, जो अब आम जनता को भी साफ तौर पर नजर आने लगा है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button