युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है परिचय सम्मेलन : अशोक, विश्वकर्मा महासंगठन द्वारा युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन

कटनी। श्री विश्वकर्मा महासंगठन मध्यप्रदेश द्वारा मानस भवन जबलपुर में युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमे लगभग 150 युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय दिया। आयोजन में जिला पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने भी शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे परिचय सम्मेलन समाज को संगठित करने के साथ ही नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इससे परिवारों को एक दूसरे को समझने का अवसर मिलता है और समाज में पारंपरिक मूल्यों के साथ आधुनिक सोच का समन्वय भी देखने को मिलता है। इसके पहले कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री विश्वकर्मा के पूजन, अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मंच पर कर युवक युवतियों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यवसाय, पारिवारिक पृष्ठभूमि और जीवन लक्ष्य के बारे में परिचय दिया। आयोजन का उद्देश्य समाज के योग्य युवक युवतियों को एक मंच प्रदान करना और विवाह योग्य युवाओं के लिए उचित जीवनसाथी के चयन की प्रक्रिया को सरल बनाना रहा। इस अवसर पर कई जिलों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। अंत में आयोजकों ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकता और प्रगति के लिए निरंतर ऐसे आयोजन करते रहने का संकल्प लिया।







