यशभारत ब्रेकिंग न्यूज़ — बडकुल होटल में हंगामा, अभद्र टिप्पणी को लेकर मामले ने पकड़ा तूल
चार थानों की पुलिस पहुंची मौके पर,लाठीचार्ज में पुलिसकर्मी समेत कई घायल

जबलपुर,यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़कुल होटल में देर रात गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही जैन समाज के सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार जैन बड़कुल स्वीट्स पहुंचे थे, जहां उनकी होटल मैनेजर रोहित राजपूत से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि मैनेजर रोहित ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद कार से पहुंचे लोगों ने बेसबॉल बैट से मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट की सूचना मिलते ही जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आरोपियों पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए आरोपी दुकान के अंदर घुस गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान कुछ लोगों के साथ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
समाज विशेष के खिलाफ अपशब्दों का आरोप
राजकुमार जैन ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान समाज विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे जैन समाज में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया, जबकि एक अन्य आरोपी बड़कुल स्वीट्स के अंदर छिप गया था। जब भीड़ उसे बाहर निकालने के लिए दुकान में घुसने लगी तो पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, जिससे हालात और बिगड़ गए और लाठीचार्ज करना पड़ा।
कमानिया गेट पर देर रात हंगामा

घटना के बाद देर रात करीब 1 बजे जैन समाज के लोग कमानिया गेट पर एकत्र हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस द्वारा समझाइश के बावजूद स्थिति नहीं संभली और भीड़ उग्र हो गई। हालात काबू में करने के लिए एक बार फिर लाठीचार्ज किया गया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दो एडिशनल एसपी, चार सीएसपी सहित 8 से अधिक थानों और पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
तीन पर मामला दर्ज, दो गिरफ्तार
एडिशनल एसपी सिटी आयुष गुप्ता ने बताया कि राजकुमार जैन की शिकायत पर अतुल पटेल, रोहित राजपूत और सचिन शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि लाठीचार्ज के दौरान कुछ लोग गिरने से घायल हुए हैं, हालांकि किसी को गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। सब-इंस्पेक्टर अनिल गौर सहित कुछ पुलिसकर्मियों का भी मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।







