मुकुट पूजन के साथ गोलबाजार में रामलीला मंचन शुरू, आज होगी ताडक़ा वध की लीला, श्रद्धालुओं की उमड़ रही भीड़

कटनी, यशभारत। गोलबाजार में विगत 5 अक्टूबर से रामलीला का मंचन शुरू हो गया है। श्री शारदा रामलीला मंडल मैहर के संचालक पंडित धर्मराज पाठक एवं सह संचालक धु्रव कुमार पाठक के निर्देशन में कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित प्रसंगों का सुंदर तरीके से मंचन किया जा रहा है। सोमवार को पहले दिन मुकुट पूजन एवं नारद मोह की लीला के साथ रामलीला की शुरूआत हुई। दूसरे दिन 6 अक्टूबर को भगवान श्रीराम का जन्म हुआ। इसके उपरांत भगवान की आरती उतारकर पूजा अर्चना की गई। तीसरे दिन ताडक़ा वध की लीला के साथ कलाकारों द्वारा शानदार प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के सचिव भरत अग्रवाल, रवि खरे, शरद अग्रवाल, रणवीर कर्ण, राजेन्द्र सोंधिया, टिल्लू सिंघानिया, अंतिम गुप्ता, अशोक कनकने, रामजी यादव, अर्पित अग्रवाल, गिरधारी लाल शर्मा, आदित्य प्रकाश अग्रवाल, संजय अग्रवाल सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रही। श्री शारदा रामलीला मंडल मैहर के संचालक पंडित धर्मराज पाठक ने बताया कि आज 8 अक्टूबर को फूलबारी नगर दर्शन, 9 अक्टूबर को पुष्प वाटिका रामसीता संवाद, 10 अक्टूबर को धनुष यज्ञ लक्ष्मण परशुराम संवाद, 11 अक्टूबर को राम विवाद, 12 अक्टूबर को दशरथ मथुरा कैकयी संवाद, 13 अक्टूबर को राम वन गमन, केवट संवाद, 14 अक्टूबर को दशरथ मरण, 15 अक्टूबर को रामभरत मिलाप, 16 अक्टूबर को सूर्पणखा क्रूप, 17 अक्टूबर को सीता हरण, 18 अक्टूबर को बाली वध, 19 अक्टूबर को लंका दहन, 20 अक्टूबर रावण वध विजयादशमी पर्व एवं 21 अक्टूबर को राजतिलक की लीला होगी। उन्होंने बताया कि वे कटनी में पिछले 38 सालों से रामलीला का मंचन कर रहे हैं।
सुरक्षा के इंतजाम नदारद
गोलबाजार रामलीला कमेटी के सचिव एड. भरत अग्रवाल ने बताया कि रामलीला के मंचन के दौरान पुलिस की तरफ से सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिसकी वजह से कईयों बार असामाजिक तत्व भी यहां आकर उपद्रव मचाते हैं। उन्होंने बताया कि शांति समिति की बैठक में पुलिस की ओर से बल की तैनाती का आश्वासन दिया गया था लेकिन अभी तक पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई।






