मध्य प्रदेशराज्य

मामा ने दिव्यांग भांजे की पीट-पीटकर की हत्या : किराए के कमरे को खाली करने को लेकर हुआ विवाद, मझगवां के जंगल से आरोपी गिरफ्तार

सतना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। किराए के कमरे को खाली कराने के झगड़े में मामा ने अपने दिव्यांग भांजे की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने मझगवां के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के संबंध में कोतवाली प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि मृतक रामबहोर बेलदार (45) दिव्यांग था और पिछले पांच वर्षों से अपनी पत्नी के साथ आरोपी रामलाल बेलदार उर्फ बिटोल (35) के घर में किराए पर रह रहा था।

कमरा खाली करने का बना रहा था दबाव

पुलिस के अनुसार, बीते कुछ समय से रामलाल अपने भांजे से किराए का कमरा खाली करने का दबाव बना रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच लगातार तनातनी बनी हुई थी।

रात को लौटते ही किया जानलेवा हमला

19 जून की रात जब रामबहोर साढ़े 11 बजे अपने कमरे में लौटा, तो पहले से घात लगाए बैठे रामलाल ने उस पर लाठी से हमला कर दिया। आरोपी ने तब तक पीटा जब तक रामबहोर बेहोश नहीं हो गया।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत, आरोपी फरार

परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो रामबहोर को गंभीर हालत में कोतवाली ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, भांजे की मौत की सूचना मिलते ही आरोपी रामलाल मौके से फरार हो गया।

जंगल में छिपा बैठा था आरोपी

घटना के बाद आरोपी मझगवां के जंगल में जाकर छिप गया था। पुलिस की दबिश के बाद आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया गया। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button