महिलाओं के प्रदर्शन के बाद आबकारी की रेड, विजयराघवगढ़ में बड़ी कार्यवाही, 45 हजार की शराब जब्त, 6 मामले दर्ज

कटनी, यशभारत। पिछले दिनों बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुंदरेही की महिलाओं ने अवैध शराब विक्रय को लेकर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मरकाम के मार्ग दर्शन में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर रोक लगाये जाने हेतु चलाये जा रहे अभियान एवं जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत की जांच के तहत 10 जनवरी को वृत्त विजयराघवगढ़ में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके के नेतृत्व में आबकारी की संयुक्त टीम द्वारा वृत अंतर्गत ग्राम कुंदरेही, पथरहटा, हथेड़ा, खिरवा, फुटहाटोला में दबिश दी गई। दविश के दौरान 70 पाव देशी मदिरा मसाला, 40 पाव देशी मदिरा प्लेन, 13 लीटर हाथ भट्टी शराब एवं 330 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त कर आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क एवं 34(1) च के तहत 06 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये। महुआ लाहन का सैंपल लेकर शेष महुआ लाहन मौके पर नष्ट किया गया। जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम द्वारा बताया गया कि समय समय पर सभी वृत अंतर्गत दबिशए गश्त भ्रमण कार्यवाही लगातार हो रही है जिस से अवैध मदिरा पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उक्त कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण रतन बरकड़ेए आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, आंचल प्रजापति आबकारी आरक्षक, चंद्रप्रकाश त्रिपाठी राजेश गौंटिया, राम सिंह सैनिक रवि शंकर तिवारी की सराहनीय भूमिका रही ।







