महर्षि संस्थान की जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी, ढीमरखेड़ा पुलिस ने पकड़े दो आरोपी, दो अभी भी फरार

कटनी, यशभारत। महर्षि महेश योगी संस्थान की जमीन विक्रय के नाम पर 24 लाख 52 हजार रुपये की धोखाधड़ी के दो आरोपियों को ढीमरखेड़ा पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया है। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि रणजीत पटेल पिता घासीराम पटेल निवासी ग्राम बरेली ने रिपोर्ट की थी कि आरोपी दिलीप दुबे, मनीष पांडे, मुकुंदी पटेल एवं मुकेश पटेल द्वारा उसके साथ महर्षि महेश योगी संस्थान की जमीन विक्रय के नाम पर 24 लाख 52 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। रणजीत पटैल की रिपोर्ट पर ढीमरखेडा थाने में प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी मुकेश पटेल द्वारा एसआरएम फाउंडेशन ऑफ इण्डिया के नाम से फर्जी बैंक खाता खुलवाया गया। फर्जी बैंक खाते से आरोपी मनीष पांडे, दिलीप दुबे द्वारा अपने खाते में पैसा टांसफर किया जाता था। आरोपी मुकुंदी पटेल के नाम से भी आरोपी मुकेश पटेल द्वारा फर्जी बैंक खाता खुलवाया गया था, जिससे मनीष पांडे, दिलीप दुबे अपने बैंक खातो में पैसा ट्रांसफर कराया जाता था। आरोपी मुकुंदी पटैल पिता पुन्नूलाल निवासी हरदुआ कला थाना विजयराघवगढ़ एंव मुकेश पटेल पिता कुंजीलाल पटेल निवासी जागृति कॉलोनी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को जेल भेजा गया। प्रकरण में आरोपी मनीष पांडे एवं दिलीप दुबे फरार हैं। कार्यवाही में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एसआई सुरेश चौधरी, एएसआई जयपाल सिंह, प्रधान आरक्षक सुब्बचन यादव, आरक्षक पंकज सिंह, आरक्षक देवेन्द्र अहिरवार, आरक्षक डुमनदास, आरक्षक गंर्धव सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







