
मल्हारगंज इलाके में एक मनचले से परेशान होकर 17 वर्षीय नाबालिग ने जहर खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार का आरोप था कि इलाके में रहने वाला युवक नाबालिग को परेशान करता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है पर आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
मल्हारगंज पुलिस के अनुसार एमवाय अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि 17 वर्षीय की जहर खाने से मौत हुई है। मृतिका की बहन का आरोप था कि कि इलाके में रहने वाला राजू उसे परेशान कर रहा था। मनचले की वजह से परिवार ने अपने किराए का मकान भी बदल दिया था। लड़की मूल रूप से उत्तरप्रदेश के रहने वाली है। उसके पिता मुंबई में खिलौने बेचने का काम करते हैं। इंदौर में उसकी बहन और जीजा रहते हैं। यहीं पर बहन ने उसे बुला लिया था। वह सिलाई का काम भी करती थी।