मंडला के युवा की अनोखी पहल, सर्कुलर इकोनॉमी को बनाया जीवन का उद्देश्य

मण्डला lविश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जब वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए नए संकल्प लिए जा रहे हैं, वहीं मंडला जिले से एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है।
जिले के युवा विवेक जैन ने सर्कुलर इकोनॉमी और रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल के सिद्धांतों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाते हुए एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। विवेक जैन द्वारा स्थापित लाइवलीहुड केयर फाउंडेशन के माध्यम से प्रदेश में आरओ वेस्ट वाटर के पुन: उपयोग और औद्योगिक अवशिष्टों के प्रबंधन की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। संस्था ने विभिन्न क्षेत्रों में वेस्ट वाटर के प्रयोग के लिए प्रभावी मॉडल तैयार किए हैं, इसके साथ ही औद्योगिक अपशिष्टों के सुरक्षित पुर्नचक्रण के लिए विशिष्ट मानकों का भी विकास किया है। बताया गया कि सरकार के सहयोग से विवेक जैन की संस्था न केवल तकनीकी समाधान प्रदान कर रही है, बल्कि जनजागरूकता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है। अब तक 20 से अधिक संगोष्ठियों, कार्यशालाओं और सीधे घरों तक पहुँचने वाले अभियानों के माध्यम से मिशन लाईफ को समाज के हर वर्ग तक सफलतापूर्वक पहुँचाया गया है। विवेक जैन ने इस पहल के बारे में बताते हुए कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। हम लगातार यह प्रयास कर रहे हैं कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जल और अपशिष्ट प्रबंधन को व्यवहारिक और आर्थिक रूप से लाभकारी बनाया जा सके। लाइवलीहुड केयर फाउंडेशन की यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दे रही है।







