भोपाल-खरगोन में आंधी-पानी के साथ गिरे ओले:MP में फिर बेमौसम बारिश, 10 जिलों में आज भी पानी गिरने की संभावना

मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। भोपाल, खरगोन, शुजालपुर में शनिवार को आंधी-पानी के साथ ओले गिरे। इससे खेतों में कटने को तैयार गेहूं की फसल खराब हो गई। गुना समेत कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी बारिश और आंधी-पानी गिरने की बात कही है। भोपाल समेत 10 जिलों में बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं ओले गिरने की आशंका है।
बेमौसम बारिश और ओले गिरने के साथ ही कई इलाकों में 70Km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी भी चल रही है। इस कारण खेतों में खड़ी फसलों को लेकर किसान चिंतित हो गए हैं।
शनिवार को भोपाल में तेज बारिश के साथ ओले गिरे थे। साथ ही आंधी भी चली थी। गुना में भी बूंदाबांदी हुई, जबकि अन्य कई शहरों में मौसम ऐसा ही रहा। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि रविवार को भोपाल के अलावा नर्मदापुरम संभाग, शिवपुरी, मंडला, बालाघाट, बैतूल, खंडवा, खरगोन, गुना, शिवपुरी और अशोकनगर जिले में हल्की बारिश हो सकती है। 10 अप्रैल से मौसम में सुधार होगा और धूप निकलेगी। हालांकि, 15 मार्च तक ट्रफ लाइन और चक्रवात का असर है। इसलिए पारा तो नहीं बढ़ेगा।
24 घंटे में कहां – कितनी बारिश
रायसेन | 0.52 (बारिश इंच में) |
भोपाल शहर | 0.21 |
खजुराहो | 0.17 |
सागर | 0.14 |
दमोह | 0.11 |
गुना | 0.04 |
मलाजखंड | 0.02 |
इंदौर | 0.01 |