सतनाl जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहन्ना में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ कर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार सुनील पाल (32) और जितेंद्र पाल मोहन्ना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनील पाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मोहन्ना निवासी जितेंद्र पाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल जितेंद्र पाल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने बोलेरो वाहन में तोड़फोड़ भी की। ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बोलेरो चालक धर्मेंद्र सिंह शराब की पैकारी में लिप्त है और घटना के समय नशे की हालत में था। आरोप है कि हादसे के बाद वह वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थिति को संभालने के लिए कोलगवां थाना पुलिस सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Back to top button