भीषण सड़क हादसा : पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत,तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, क्षेत्र में हड़कंप

सागर। सागर में भीषण सड़क हादसा हो गया जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। सानौधा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित सांईखेड़ा तिगड्डा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शवों का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कैंट क्षेत्र में एसपी बंगले के पास रहने वाले 71 वर्षीय कमलकांत तिवारी अपने 43 वर्षीय बेटे स्वप्निल तिवारी के साथ बाइक से खैजरा जा रहे थे। दोनों वहां एक परिचित के घर शादी समारोह में शामिल होने निकले थे। जैसे ही वे हाईवे पर सांईखेड़ा तिगड्डा के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई जिसके बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।







