मध्य प्रदेशराज्य

भारी बारिश  : सागर, मंडला नारायणगंज,नरसिंहपुर, करेली, गाडरवारा मे अनेक मार्ग बंद :  फंसे पांच व्यक्तियों का सफल रेस्क्यू  : बाढ़ में फंस गया था परिवार, प्रशासन कर रहा निगरानी

Table of Contents

मण्डला l मूसलाधार बारिश का दौर जारी है जिसके चलते सागर मंडला नारायणगंज नरसिंहपुर गाडरवारा करेली में अनेक मार्ग बंद है जिसके चलते राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैl

एसडीएम बिछिया सोनाली देव द्वारा जनपद पंचायत बिछिया के मरारटोला में भारी बारिश के कारण 5 लोगों के फंसे होने की सूचना एसडीआरएफ की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही तत्काल एसडीआरएफ की टीम व पुलिस बल आपदा उपकरण के साथ यहां पहुंची। संयुक्त टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए घर की छत पर फंसे 5 व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाला गया। टीम द्वारा बताया गया कि विगत रात्रि से लगातार हो रही बारिश के कारण जल स्तर अत्यधिक बढ़ गया, सुबह चारों तरफ अधिक पानी होने के कारण ये लोग बाहर नहीं आ सके और घर की छत पर बैठे रहे। एसडीआरएफ की टीम ने मोटर बोट से उक्त स्थल पहुंचकर इन लोगों को सकुशल बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए लोगों में बरातीलाल भवरे, सिया बाई भवरे, बिस्सो बाई भवरे, चाँदनी एवं रंजना शामिल है।

बताया गया कि कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट सुबह से ही जल भराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। रेस्क्यू टीम में प्रभारी हेमराज परस्ते, राहुल नंदा, हितेश वाजपेयी, गिरानी रजक, जितेन्द्र ठाकुर एवं आकाश ठाकुर शामिल थे।

सागर जिले में लगातार बारिश से रास्ते बंद : जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले में पिछले दो दिनों में हुई लगातार बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर है। संभागीय मुख्यालय सागर में भी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत बनी सड़कों और निर्माण कार्यों की पोल भी खुलकर सामने आ गई है। नए बने शॉपिंग कंपलेक्स और रेलवे अंडरब्रिज के नीचे तीन से चार फीट तक पानी भर गया है।
लगातार बारिश से सीजन में पहली बार बीना नदी उफान पर आ गई है। क्षेत्र में लगातार बारिश होने से खुरई और राहतगढ़ के बीच बीना नदी पर स्थित माला घाट पुल ऊफान पर है। यहां से भोपाल, रायसेन, विदिशा के लिए लोगों को अन्य मार्ग से चक्कर लगाकर रास्ता बदलते हुए सफर तय करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने जिले में 8 जुलाई तक रोजाना बारिश होने की संभावना जताई है। जिले के अधिकांश क्षेत्रों में इस तरह की बारिश देखने को मिल सकती है। पुल के ऊपर से पानी जाने के कारण रास्ता बंद होने से आवागमन करीब 3 घंटे तक बंद रहा। सुरक्षा को देखते हुए बरोदिया नौनगर पुलिस चौकी के जवान मौके मौजूद रहे।

नारायणगंज क्षेत्र में मूसलाधार बारिश का कहर जारी : अनेक गांवों को जोडऩे वाला मुख्य मार्ग बाढ़ के पानी में डूब जाने के कारण अवरुद्ध 

मण्डला lदो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश ने नारायणगंज क्षेत्र में भारी तबाही मच गई है। अत्याधिक बारिश के चलते नारायणगंज के कई गांवों का संपर्क टूट गया है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ग्राम लालीपुर और बम्हनी का कई गांवों को जोडऩे वाला मुख्य मार्ग बाढ़ के पानी में डूब जाने के कारण अवरुद्ध हो गया है, जिससे इन क्षेत्रों में आवागमन ठप्प हो गया है। श के कारण बम्हनी नाला उफान पर आ गया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। नाले का पानी आसपास के रिहायशी इलाकों में घुस गया है। बताया गया कि ग्राम बम्हनी में दो घरों में पानी भर गया है, जिससे निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि नारायणगंज से बबलिया मार्ग में शंकरगंज के पास बने पुल के मुहाने का पक्का मार्ग धस गया है।

जिसके कारण आवाजाही अवरूद्ध हो गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण यह मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की संभावना बनी हुई है। नारायणगंज के शंकरगंज इलाके में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जहां कई घरों के अंदर पानी भर गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश में भी यह क्षेत्र अक्सर जलमग्न हो जाता है, लेकिन इस बार की बारिश ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीण इलाकों में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

करेली से गाडरवारा का संपर्क पूरी तरह बाधित, जबलपुर-नरसिंहपुर राष्ट्रीय मार्ग भी अवरुद्ध

नरसिंहपुर IMP में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।  जिले के कई प्रमुख मार्ग बाधित हैं। स्टेट हाईवे 22 पर करेली-गाडरवारा मार्ग पूरी तरह बंद है। कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क अन्य गांवों और मुख्यालय से टूट गया है।

स्टेट हाईवे 22 पर  बंदेसुर और बटेसरा के बीच एक पुलिया बारिश के कारण धंस गई। इससे करेली से गाडरवारा का संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। भरवारा तिराहे के पास एक विशाल वृक्ष गिरने से जबलपुर-नरसिंहपुर राष्ट्रीय मार्ग भी अवरुद्ध है। कुछ छोटे वाहन डांगीढाना मार्ग से वैकल्पिक रास्ते का उपयोग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button