सतना।सतना जिले के नागौद कस्बे में बीच-बचाव करने की रंजिश को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर ईदगाह के पास ले जाकर बेल्ट और मुक्कों से करीब एक घंटे तक पीटा। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खेरवाटोला वार्ड नंबर-5 नागौद निवासी मुकुट दाहिया ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे वह दिलीप सिंह की आरा मशीन के पास खड़ा था। इसी दौरान हर्षित सिंह और सिद्धार्थ सिंह वहां पहुंचे और किसी काम का बहाना बनाकर उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपी उसे गाड़ी से ईदगाह के पास ले गए, जहां उतरते ही पुराने विवाद की बात कहकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हर्षित सिंह ने बेल्ट से लगातार हमला किया, जबकि दोनों आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से भी जमकर पिटाई की। करीब एक घंटे तक चली इस मारपीट में मुकुट दाहिया की पीठ, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल युवक को परिजन तत्काल सिविल अस्पताल नागौद लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
फरियादी के मुताबिक यह रंजिश 3 फरवरी को हुए एक विवाद से जुड़ी है। उस दिन सचिन वर्मन और अंकित सिंह के बीच झगड़ा हो रहा था, जिसमें मुकुट दाहिया ने बीच-बचाव किया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उससे रंजिश पाल ली थी।
नागौद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।