बाइक से गांजा की तस्करी, दो गिरफ्तार, दो किलो 280 ग्राम गांजा बरामद, उमरियापान पुलिस को मिली सफलता

कटनी, यशभारत। उमरियापान पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पकरिया के पास दबिश देकर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों से दो किलो गांजा बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने दोनों युवकों के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा और मोटरसाइकिल को जब्त किया है। उमरियापान थाना प्रभारी दिनेश तिवारी ने बताया कि 9 दिसम्बर की रात करीब 11 बजे पुलिस द्वारा रात्रि में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिरों से गांजा तस्करी की सूचना मिली। जिस पर ग्राम पकरिया के पास पुलिस गांजा तस्करों की पतासाजी में जुट गई। बताया जाता है कि थोड़ी देर बाद ग्राम खितौला निवासी 22 वर्षीय कार्तिक उर्फ दीपक मल्लाह एवं ग्राम बैरहना थाना जैतवारा जिला सतना निवासी 24 वर्षीय दयाराम डोहर मोटरसाइकिल से आते हुए दिखे। जिस पर पुलिस ने उन्हें रोकते हुए पूछताछ की और सामान की तलाशी ली। जिसमे 2 किलो 280 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। पुलिस ने मोटर साइकिल एवं गांजा को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त गांजा की कीमत 22 हजार रूपए आंकी गई है।







