मध्य प्रदेशराज्य

बदमाशों का खौफ : 72 घंटों में कटरबाजी के बाद अब 15 लाख की लूट, शहर में राजनीतिक उबाल

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो) lसागर में लगातार 72 घंटे से जारी गुंडागर्दी, कटरबाजी और दो बड़ी लूट व चोरी की घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर कई सवालिया निशान लगा दिए हैं। ₹15 लाख की लूट के साथ ही, पिछले दिनों हुई ब्यूटी पार्लर से ₹10 लाख के जेवरों की चोरी का जिक्र भी शहर के बढ़ते अपराध को दर्शाता है। शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, सत्ता पक्ष के विधायक ने जहाँ पीड़ितों से मुलाकात कर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष ने पुलिस पर आपराधिक साठगाँठ का गंभीर आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। इस बीच, वरिष्ठ नेता व लोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघु ठाकुर ने शहर की कानून व्यवस्था को लेकर आईजी को सीधा ज्ञापन सौंपते हुए अपराधियों पर रासुका (NSA) लगाने की मांग की है।

 अपराधियों का तांडव: छुरे और कटर लहराए

शहर में अराजकता की शुरुआत देर रात हुई जब कटरा जमा मस्जिद से माता मढ़िया तक के क्षेत्र में आसामाजिक तत्वों ने खुले आम छुरे और कटर लहराए और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस के देर से पहुंचने पर आक्रोशित नागरिकों ने विजय टॉकीज चौराहे पर सड़क जाम कर तीखा विरोध प्रदर्शन किया था।

        विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए इसे नशीली मादक पदार्थों (दवाइयों) के सेवन का परिणाम बताया। उन्होंने दावा किया कि घटना में शामिल छह तत्वों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन नाबालिग हैं।

 सोमवार को ही जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने भी पीड़ितों से मुलाकात की और शहर थानों की भूमिका को संदिग्ध बताया। जाटव ने आरोप लगाया कि अवैध शराब, जुआ और सट्टा के विरुद्ध विरोध के बावजूद अधिकारियों के कानों पर जूँ तक नहीं रेंग रही है, और उन्होंने पीड़ितों के पक्ष में एक और आंदोलन करने की चेतावनी दी।

 रविवार की देर रात शहर के लाजपत पुरा वार्ड क्षेत्र में भी बदमाशों ने मारपीट और उपद्रव किया। सोमवार को कृषि मंडी के मुनीम की आँखों में मिर्ची झोंककर ₹15 लाख की सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। जनता के गुस्से के बाद, इस लूट में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

  पार्लर से 10 लाख के जेवर चोरी

कटरबाजी और लूट की इन घटनाओं के बीच, यह भी सामने आया है कि पिछले दिनों शहर के सिविल लाइंस स्थित कीवी ब्यूटी पार्लर से भी लगभग ₹10 लाख के जेवरों की चोरी हो चुकी है। इन लगातार और बड़ी वारदातों ने सागर पुलिस की कार्यक्षमता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छोटी चोरी से लेकर कटरबाजी और फिर दिनदहाड़े लूट, यह अपराधियों के बढ़ते हौसले की श्रृंखला है।

रासुका की मांग: रघु ठाकुर ने आईजी को सौंपा ज्ञापन

शहर की बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए बुंदेलखंड नागरिक मोर्चा के नेता और लोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघु ठाकुर ने डीआईजी को नहीं, बल्कि सीधे आईजी को ज्ञापन सौंपा। रघु ठाकुर ने स्पष्ट मांग की है कि आदतन और संगठित अपराधियों पर तत्काल राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) और जिला बदर की कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button